शुक्रवार, 25 सितंबर 202611:10:35 PM
Download App
Home/देश

दीनदयाल जयंती पर भाजपा कार्यालय में पुष्पांजलि : खंडेलवाल बोले- उनके विचारों को बनाएं जीवन का आधार, राहुल के आरोपों पर भी किया पलटवार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 25, 2026
07:59 AM
खंडेलवाल बोले- उनके विचारों को बनाएं जीवन का आधार, राहुल के आरोपों पर भी किया पलटवार

भोपाल। भाजपा के पितृ पुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय की आज 110वीं जयंती है। इस खास मौके पर देश के भाजपा कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई। मध्यप्रदेश के प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान खंडलवाल ने जहां दीनदयाल जी के विचारों और उनके योगदान को याद किया। वहीं कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा।

कार्यकर्ताओं से विचारों को अपनाने की अपील

मीडिया से चर्चा के दौरान हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन और उनके सिद्धांत भाजपा के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके जीवन को अपना आधार बनाकर समाज और राष्ट्र के लिए काम करने का आह्वान किया।

खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और सिद्धांतों को लेकर आगे बढ़ रही है। उनके विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और अवसर पहुंचाने की भावना प्रमुख रही है।

राहुल गांधी के आरोपों पर खंडेलवाल का पलटवार

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा निर्वाचन आयोग को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर निर्वाचन आयोग को लेकर अलग-अलग रुख अपनाने का आरोप लगाया। खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस जिन राज्यों में चुनाव जीतती है, वहां उसे निर्वाचन आयोग की व्यवस्था ठीक लगती है, जबकि जिन राज्यों में पार्टी चुनाव हारती है, वहां वह आयोग पर सवाल उठाने लगती है।

मतदाता सूची को लेकर भी रखी बात

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि विदेशी या फर्जी मतदाताओं के मतदान से चुनाव प्रभावित होता है और ऐसे नाम मतदाता सूची से हटाए जाते हैं, तो इस प्रक्रिया को लेकर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में वास्तविक और पात्र मतदाताओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें