मोहन यादव की निवेश कूटनीति का बड़ा असर : पीथमपुर में बनेगा हेलियन का पहला भारतीय मैन्युफैक्चरिंग हब, 2000 करोड़ का निवेश, 8 जून को होगा भूमि-पूजन

भोपाल। मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों को एक और बड़ी सफलता मिली है। वैश्विक कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनी हेलियन राज्य के पीथमपुर स्थित स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में अपनी पहली भारतीय मैन्युफैक्चरिंग इकाई स्थापित करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि-पूजन 8 जून को मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे।
करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह इकाई प्रदेश में विदेशी निवेश के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। यह परियोजना 40 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित की जाएगी और मुख्य रूप से ओरल हेल्थ उत्पादों के निर्माण पर केंद्रित होगी।
यूके दौरे का मिला सकारात्मक परिणाम
हेलियन का यह निवेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के यूनाइटेड किंगडम दौरे और वहां आयोजित निवेश संवादों का प्रत्यक्ष परिणाम माना जा रहा है। विदेशों में निवेशकों के साथ हुई बैठकों में मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं और निवेश-अनुकूल नीतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद कंपनी ने प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश का निर्णय लिया।
राज्य सरकार के अनुसार यह परियोजना अब क्रियान्वयन के चरण में पहुंच चुकी है, जो निवेश प्रस्तावों को तेजी से जमीन पर उतारने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
निर्यात का भी बनेगा बड़ा केंद्र
पीथमपुर में बनने वाली इस आधुनिक इकाई में तैयार उत्पाद केवल भारतीय बाजार तक सीमित नहीं रहेंगे। यहां निर्मित सामग्री एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और अफ्रीका के कई देशों में भी निर्यात की जाएगी। इससे मध्यप्रदेश को वैश्विक विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। हेलियन विश्व की अग्रणी हेल्थकेयर कंपनियों में शामिल है। कंपनी के सेंसोडाइन, क्रोसिन, ईनो, ओट्रिविन, आयोडेक्स, सेंट्रम और ऑस्टोकैल्शियम जैसे उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय हैं। 170 से अधिक देशों में कंपनी की मौजूदगी है।
रोजगार और स्थानीय उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना से लगभग 500 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है। साथ ही स्थानीय एमएसएमई इकाइयों, सप्लायर नेटवर्क, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक उद्योगों को भी लाभ मिलेगा। कंपनी स्थानीय युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान देगी और कार्यबल में कम से कम 30 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखेगी। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
वैश्विक निवेशकों की पसंद बन रहा मध्यप्रदेश
राज्य सरकार का कहना है कि मजबूत औद्योगिक अधोसंरचना, सरल अनुमोदन प्रक्रिया, निवेशक-अनुकूल नीतियां और पर्याप्त भूमि उपलब्धता के कारण मध्यप्रदेश तेजी से वैश्विक निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है। हेलियन की यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और निर्यात संवर्धन के प्रयासों को नई मजबूती प्रदान करेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
