MP के पर्यटन को वैश्विक उड़ान : 3,729 करोड़ के निवेश प्रस्तावों से खुलेंगे रोजगार के नए द्वार, ट्रैवल मार्ट-2026 में 34 देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी

भोपाल। मध्यप्रदेश अब पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक पहचान मजबूत करने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आयोजित मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट-2026 ने प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय आयोजन में 34 देशों के 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों, 15 राज्यों के 180 से अधिक घरेलू पर्यटन कारोबारियों और प्रदेश के 250 से अधिक कारोबारियों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान 10,263 व्यावसायिक बैठकें हुईं, जबकि पर्यटन क्षेत्र में करीब 3,729 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।
10 हजार से अधिक बैठकों से कारोबार को नई गति
ट्रैवल मार्ट में इस बार व्यावसायिक बैठकों की संख्या पिछले वर्ष के लगभग 9,000 के मुकाबले 14 प्रतिशत बढ़कर 10,263 पहुंच गई। इन बैठकों के माध्यम से होटल संचालकों, यात्रा कारोबारियों, निवेशकों और पर्यटन सेवा प्रदाताओं को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिला। इससे प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश-विदेश के यात्रा कार्यक्रमों में शामिल करने और दीर्घकालीन कारोबारी साझेदारी विकसित करने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
34 देशों तक पहुंचा मध्यप्रदेश का पर्यटन आकर्षण
इस वर्ष ट्रैवल मार्ट में पिछले साल के 27 देशों की तुलना में सात नए देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया और स्पेन सहित विभिन्न देशों के पर्यटन कारोबारियों ने प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, ऐतिहासिक धरोहरों और वन्यजीव पर्यटन में रुचि दिखाई। वहीं, घरेलू प्रतिनिधियों की संख्या भी पिछले वर्ष के 150 से बढ़कर 180 से अधिक हो गई। आयोजन में लगाए गए 177 प्रदर्शनी कक्षों के माध्यम से होटल, रिसॉर्ट, साहसिक पर्यटन, हस्तशिल्प और ग्रामीण आवास की संभावनाएं सामने रखी गईं।
3,729 करोड़ के निवेश से विकसित होंगे नए पर्यटन केंद्र
ट्रैवल मार्ट के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों में आलीशान होटल, स्वास्थ्य एवं विश्राम केंद्र, गोल्फ कोर्स, जलाशयों के किनारे पर्यटन सुविधाएं और वन्यजीव आवास जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इनसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार होने के साथ दूरस्थ क्षेत्रों में भी पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सीहोर में 848 करोड़ की परियोजना, 920 रोजगार के अवसर
आयोजन का प्रमुख आकर्षण सीहोर जिले के रामगढ़ में ए.आर.एम. फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ 848.40 करोड़ रुपये के निवेश का समझौता रहा। प्रस्तावित परियोजना में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, विला, विश्राम केंद्र और आलीशान होटल विकसित किए जाएंगे। इससे 920 से अधिक कुशल और अकुशल युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
वन्यजीव, धार्मिक, ऐतिहासिक, साहसिक और ग्रामीण पर्यटन को एक साथ आगे बढ़ाने की रणनीति के तहत मध्यप्रदेश पर्यटन को स्थानीय आजीविका और निवेश का मजबूत माध्यम बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
