कांग्रेस छोड़कर गए नेताओं की होगी घर वापसी : जीतू पटवारी का ऐलान, 600 की लिस्ट तैयार, सिंधिया के नाम पर साधी चुप्पी

भोपाल। 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी का फोकस उन नेताओं और कार्यकर्ताओं पर है जो कांग्रेस छोड़कर भाजपा या अन्य पार्टियों में चले गए हैं। ऐसे नेताओं की वापसी को लेकर कांग्रेस घर वापसी अभियान की शुरूआत करने जा रही है। इस संबंधम में जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को दी है। जीतू के इस ऐलान के बाद इस ऐलान के बाद सबसे बड़ा सवाल केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर उठने लगा है।
कांग्रेस ने इस अभियान की शुरुआत भीम आर्मी से जुड़े कुछ लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलवाकर की। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस इस कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक भी मौजूद रहे। जीतू पटवारी के मुताबिक, कांग्रेस छोड़कर अन्य दलों में जाने वाले करीब 600 लोगों के नाम सूची में शामिल हैं। हालांकि, इन सभी की वापसी का रास्ता सीधे नहीं खुलेगा। पार्टी संगठन की सहमति और संबंधित नेताओं की भूमिका को ध्यान में रखते हुए ही दोबारा शामिल करने पर फैसला लिया जाएगा।
सिंधिया के नाम पर पटवारी ने साधी चुप्पी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे ज्यादा चर्चा ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर हुई। जब जीतू पटवारी से पूछा गया कि क्या सिंधिया के लिए भी कांग्रेस में वापसी के दरवाजे खुले हैं, तो उन्होंने न तो स्पष्ट इनकार किया और न ही सहमति जताई। पटवारी के इस रुख ने राजनीतिक अटकलों को हवा दे दी है। हालांकि, अभी तक सिंधिया की कांग्रेस में वापसी को लेकर कोई आधिकारिक संकेत सामने नहीं आया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
