मंगलवार, 22 सितंबर 202610:47:21 PM
Download App
Home/देश

एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट फाइनल : मंधाना ने खेली तूफानी पारी, ऋचा घोष के बल्ले ने उगली आग, भारत ने श्रीलंका के सामने रखा रनों का पहाड़

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 22, 2026
07:28 AM
मंधाना ने खेली तूफानी पारी, ऋचा घोष के बल्ले ने उगली आग, भारत ने श्रीलंका के सामने रखा रनों का पहाड़

निशिन। एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट फाइनल में भारत और श्रीलंका की टीम आमने-सामने हैं। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जा रहे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने श्रीलंका के सामने रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया है। निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 216 रन बनाए। अब श्रीलंका को स्वर्ण पदक जीतने के लिए 217 रनों का लक्ष्य हासिल करना होगा।

फाइनल मुकाबले में स्मृति मंधाना और ऋचा घोष ने तूफानी पारी खेली। मंधाना ने जहां 79 रनों की धुआंधार पारी खेली। वहीं ऋचा ने महज 22 गेंदों में 49 रन ठोक दिए। भारत की पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने बेहद आक्रामक अंदाज में की। दोनों बल्लेबाजों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर शुरू से दबाव बनाया और पहले विकेट के लिए महज 9.6 ओवर में 99 रन जोड़ दिए। शेफाली ने 29 गेंदों पर 48 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उनकी पारी में 3 चैके और 3 छक्के शामिल रहे।

मंधाना ने रचा इतिहास

शेफाली के आउट होने के बाद भी स्मृति मंधाना ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। भारतीय उपकप्तान ने महज 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 45 गेंदों में 79 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुईं।

मंधाना ने अपनी पारी में 5 चैके और 7 छक्के लगाए। उनकी इस पारी के दौरान एक बड़ा व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी बना। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे कर लिए। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं।

हरमनप्रीत नहीं चलीं, ऋचा ने मचाई तबाही

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। उन्होंने 17 गेंदों पर 19 रन बनाए। इसके बाद अंतिम ओवरों में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

ऋचा ने महज 22 गेंदों का सामना करते हुए 49 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चैके और 3 छक्के लगाए। दूसरे छोर पर भारती फुलमाली ने 7 गेंदों में 7 रन बनाकर उनका साथ दिया।

आखिरी ओवरों में 53 रन की साझेदारी

ऋचा घोष और भारती फुलमाली ने चैथे विकेट के लिए सिर्फ 19 गेंदों में 53 रन की नाबाद साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई और श्रीलंका के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी करते हुए सुगंधिका कुमारी, कविशा दिलहारी और चमुदी प्रबोधा ने एक-एक विकेट हासिल किया। अब फाइनल में श्रीलंकाई टीम के सामने 217 रन का लक्ष्य है। भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन पर मैच का नतीजा निर्भर करेगा और इसी के साथ एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट स्वर्ण पदक की तस्वीर भी साफ होगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें