हिन्दू धर्म पर दिग्गी के बयान मंत्री सारंग का पलटवार : बोले- राम और सनातन को बदनाम करने की कोशिश नहीं होगी सफल

भोपाल। सनातन और हिंदू धर्म को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान पर भाजपा कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने दिग्विजय सिंह पर सीधा वार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू धर्म, सनातन दर्शन और संतों के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि अब सनातन को किसी राजनीतिक नेता के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।
‘हिंदुओं को अपमानित करना कांग्रेस की रीति-नीति’
मंत्री सारंग ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि हिंदू दर्शन, सनातन परंपरा और हिंदू देवी-देवताओं के अपमान को लेकर कांग्रेस की राजनीति लगातार सामने आती रही है। दिग्विजय सिंह इस तरह की राजनीति में सबसे आगे रहते हैं। सारंग ने कहा कि सनातन दर्शन सदियों पुरानी परंपरा है और इसे लेकर किसी राजनीतिक दल या नेता से प्रमाणपत्र लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दिग्विजय सिंह के बयान को लेकर कांग्रेस की विचारधारा पर भी सवाल खड़े किए।
‘राम को बदनाम नहीं कर सकते’
विश्वास सारंग ने अपने बयान में कांग्रेस नेताओं पर परिवारवाद और राजनीतिक स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए हिंदू आस्था और सनातन परंपरा को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
सारंग ने कहा कि भगवान राम और सनातन को बदनाम करने की कोशिश सफल नहीं होगी। उन्होंने दिग्विजय सिंह को निशाने पर लेते हुए कहा कि राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए किसी भी नेता को इतना नीचे नहीं गिरना चाहिए कि धार्मिक आस्थाओं पर टिप्पणी करनी पड़े।
जाकिर नायक और रामसेतु का मुद्दा उठाया
मंत्री विश्वास सारंग ने दिग्विजय सिंह पर कई गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने जाकिर नायक का जिक्र करते हुए सवाल किया कि जो नेता उसके मंच पर जाकर उसे हीरो बताते हैं, वे हिंदू धर्म और सनातन की व्याख्या कैसे कर सकते हैं।
उन्होंने रामसेतु से जुड़े पुराने राजनीतिक विवाद का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह उस समय की उन गतिविधियों से जुड़े रहे हैं, जिनसे हिंदू आस्था को ठेस पहुंची। सारंग ने कांग्रेस शासनकाल में मंदिरों और हिंदू संगठनों से जुड़े मामलों को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री पर सवाल उठाए।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
