राज्यसभा चुनाव: : तीसरी सीट को लेकर मुस्कुराए मोहन, बढ़ेगी कांग्रेस की बेचैनी

इंदौर। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को इंदौर में ऐसा बयान दिया, जिसने कांग्रेस खेमे की बेचैनी बढ़ा दी है। एक कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर पहुंचे सीएम मोहन से जब पत्रकारों द्वारा तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर सवाल पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने मुस्कराते हुए कहा, तीसरी सीट आएगी नहीं तो कहां जाएगी। उनके इस बयान को भाजपा की रणनीतिक तैयारी और संभावित राजनीतिक समीकरणों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब राज्यसभा की तीसरी सीट को लेकर सत्ता और विपक्ष दोनों अपने-अपने गणित लगा रहे हैं। यहां पर बता दें कि मप्र की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। इसमें दो सीट भाजपा और एक कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही है। अगर भाजपा तीसरी सीट पर भी उम्मीदवार उतारती है तो कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।
भाजपा उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन
भाजपा के दो उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं, जबकि कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में मुख्यमंत्री के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं कि भाजपा तीसरी सीट को लेकर भी कोई बड़ा दांव चल सकती है।
तीसरी सीट पर सीएम का आत्मविश्वास, बढ़ीं सियासी अटकलें
मुख्यमंत्री ने राज्यसभा चुनाव को लेकर विपक्ष पर तंज कसते हुए भाजपा की मजबूती का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपने विधायकों और संगठन की ताकत पर पूरा भरोसा है और भाजपा किसी भी चुनौती को लेकर चिंतित नहीं है। मुख्यमंत्री के बयान को तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर भाजपा के आत्मविश्वास से जोड़कर देखा जा रहा है।
उन्होंने संकेत दिए कि पार्टी का राजनीतिक गणित पूरी तरह मजबूत है और चुनाव में भाजपा बढ़त की स्थिति में है। दूसरी ओर कांग्रेस संख्या बल और संभावित समीकरणों के सहारे अपनी उम्मीदें बनाए हुए है। मुख्यमंत्री के बयान के बाद प्रदेश की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं और राज्यसभा चुनाव को लेकर नई अटकलों का दौर शुरू हो गया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
