रीवा में दर्दनाक सड़क हादसा: : बस और बल्कर की भीषण टक्कर में कई हताहत, बदबार स्टैंड के पास हुआ दर्दनाक हादसा, 20 के घायल होने की भी खबर

रीवा। रीवा जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां के नेशनल हाइवे 39 पर बदबार स्टैंड के पास बस और बल्कर के बीच हुई भीषण टक्कर में एक दर्जन लोगों के हताहत होने की खबर है। हालांकि मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि रीवा से सीधी जा रही पवन ट्रैवल्स की बस को बल्कर ने पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद बल्कर पलट गया जबकि बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी की बस के परखच्चे उड़ गए हैं।
बस में करीब 40 यात्री सवार थे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों की भिड़ंत के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस के साथ प्रशासन और राहत दल घटनास्थल पर पहुंच गए।
करीब 20 घायल, अस्पताल में भर्ती
स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मौके पर राहत-बचाव अभियान तेज
हादसे की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार घटनास्थल पर सक्रिय हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और मार्ग को सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एनएच-39 पर यातायात प्रभावित
भीषण टक्कर के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे की वास्तविक वजह और मृतकों की संख्या की पुष्टि के लिए प्रशासनिक स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। उधर, दुर्घटना की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
