गुरुवार, 20 अगस्त 202611:34:48 AM
Download App
Home/देश

वंदे मातरम पर सियासी टकराव तेज : कांग्रेस के दो छंद वाले फैसले पर भड़के नितिन नवीन, बोले- नई मुस्लिम लीग बन गई पार्टी, खरगे ने किया पलटवार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 20, 2026
06:42 AM
कांग्रेस के दो छंद वाले फैसले पर भड़के नितिन नवीन, बोले- नई मुस्लिम लीग बन गई पार्टी, खरगे ने किया पलटवार

नई दिल्ली। वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के पार्टी कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल पहले दो छंद गाने के फैसले पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस के फैसले को राष्ट्रगीत का अपमान बताते हुए विपक्षी दल को सीधे श्नई मुस्लिम लीगश् तक कह दिया।

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस के निर्णय पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जिस मुद्दे को पहले संयोग बताकर टालने की कोशिश की थी, अब उसी को आधिकारिक नीति का रूप दे दिया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के मंचों पर अब वंदे मातरम के केवल दो छंद गाए जाएंगे, जबकि कुछ दिन पहले स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रगीत को लेकर विवाद सामने आया था।

वंदे मातरम है भारत माता की वंदना

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम भारत माता की वंदना है और इससे जुड़े बलिदानों को नजरअंदाज करना देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले हजारों लोगों का अपमान है। नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रहित से ज्यादा वोटबैंक की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। इसी हमले के दौरान उन्होंने कांग्रेस को आज की नई मुस्लिम लीग करार दिया।

1937 के प्रस्ताव का दिया हवाला

भाजपा अध्यक्ष का बयान कांग्रेस कार्य समिति के उस फैसले के बाद आया है, जिसमें पार्टी ने वंदे मातरम को लेकर 1937 में पारित प्रस्ताव का पालन करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस के मुताबिक, उसके कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के वही दो छंद गाए जाएंगे, जिन्हें उस समय स्वीकार किया गया था। कांग्रेस का तर्क है कि यह फैसला किसी नए विवाद को जन्म देने के लिए नहीं, बल्कि पार्टी की पुरानी परंपरा और ऐतिहासिक निर्णय के अनुरूप लिया गया है।

खरगे ने भाजपा के आरोपों पर किया पलटवार

विवाद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने वही वंदे मातरम गाया है, जिसे महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू जैसे नेताओं ने भी गाया था। खरगे ने तंज कसते हुए कहा कि अगर इसे गाना अपराध है तो पहले गांधी, नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने करीब 90 साल पहले ही इस विषय पर अपना निर्णय लिया था और वह उसी परंपरा का पालन कर रही है।

खरगे ने यह भी सवाल उठाया कि किसी मौजूदा सरकार के कहने मात्र से कोई नई परंपरा या नियम देश का मानक नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि सत्ता बदलती रहती है, लेकिन ऐतिहासिक परंपराओं और संस्थागत फैसलों को राजनीतिक दबाव में नहीं बदला जाना चाहिए।

वंदे मातरम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच शुरू हुआ यह विवाद अब राष्ट्रवाद, इतिहास और वोटबैंक की राजनीति के आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें