MP में एमएसपी पर सियासी घमासान : कांग्रेस महासचिव ने सरकार पर किया वार, नशा मुक्ति के मुद्दे पर भी घेरा

भोपाल। मध्यप्रदेश में किसानों के मुद्दे और नशामुक्ति अभियान को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव कुणाल चौधरी ने सोमवार को भोपाल में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी ) में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई।
एमएसपी बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर निशाना
कुणाल चौधरी ने कहा कि गेहूं के समर्थन मूल्य में 100 किलो पर महज 25 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उनके मुताबिक गेहूं का एमएसपी 2585 रुपये से बढ़ाकर 2610 रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल, खाद और यूरिया समेत खेती में इस्तेमाल होने वाली जरूरी चीजों की कीमतें बढ़ रही हैं, जिससे किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है।
कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि लागत बढ़ने के बावजूद किसानों को उनकी फसल का पर्याप्त मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि किसानों को गेहूं के लिए कम से कम 4 हजार रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिलना चाहिए।
नशामुक्ति के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया भोपाल दौरे के दौरान मध्यप्रदेश को 2029-30 तक नशामुक्त बनान की घोषणा पर कुणाल ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्हों कहा कि यदि सरकार अब मध्यप्रदेश को नशामुक्त करने की बात कर रही है तो पहले यह स्पष्ट करे कि प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार के लिए जिम्मेदारी किसकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार लंबे समय से है और नशा कारोबार को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस संगठन को लेकर भी बोले चौधरी
कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट से जुड़े सवाल पर कुणाल चौधरी ने कहा कि संगठन की निगरानी और मूल्यांकन की प्रक्रिया संगठन महासचिव की देखरेख में चलती है। उन्होंने कहा कि मॉनिटरिंग सिस्टम को बेहतर बनाया गया है और सभी लोगों को अपनी बात रखने का अवसर दिया जा रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
