शनिवार, 10 अक्टूबर 202611:05:06 PM
Download App
Home/देश

मप्र में माटी कला बोर्ड 2 साल से बेसहारा : आर्थिक संकट में प्रजापति समाज, अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए सीएम से लगाई गुहार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 10, 2026
09:58 AM
आर्थिक संकट में प्रजापति समाज, अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए सीएम से लगाई गुहार

भोपाल। मध्य प्रदेश में मिट्टी के बर्तन, मूर्तियां, खिलौने और ईंटें बनाकर आजीविका चलाने वाले प्रजापति समाज के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है। इसकी बड़ी वजह है कि समाज के हितों की रक्षा और पारंपरिक मिट्टी कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गठित माटी कला बोर्ड में अध्यक्ष का पद पिछले दो सालों खाली पड़ा है। आर्थिक संकट से जूझ रहे प्रजापति समाज ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बोर्ड में जल्द नियुक्तियां करने की मांग की है।

2008 में बना बोर्ड, लेकिन उद्देश्य अधूरा

अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार संघ के अतिरिक्त प्रदेश अध्यक्ष सतीश आहेलिया ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि मध्य प्रदेश में वर्ष 2008 में माटी कला बोर्ड का गठन किया गया था। इसका उद्देश्य मिट्टी का काम करने वाले परिवारों के व्यवसाय को बढ़ावा देना, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना था।

उन्होंने आरोप लगाया कि बोर्ड अपने निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप काम नहीं कर पाया। मिट्टी की मूर्तियां, खिलौने, बर्तन और ईंट बनाने वाले कारीगरों को कारोबार बढ़ाने के लिए अपेक्षित सहायता और अनुदान भी नहीं मिल पा रहा है।

जमीन आरक्षित नहीं होने से मिट्टी की किल्लत

प्रजापति समाज की प्रमुख समस्याओं में मिट्टी की उपलब्धता भी शामिल है। संघ का कहना है कि समाज के लोग लंबे समय से पंचायत स्तर पर मिट्टी उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन जमीन आरक्षित नहीं होने के कारण उन्हें पर्याप्त मिट्टी नहीं मिल पा रही है। इसका सीधा असर बर्तन, मूर्तियां और ईंट बनाने के पारंपरिक व्यवसाय पर पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री से जल्द कार्रवाई की उम्मीद

सतीश आहेलिया ने मांग की है कि माटी कला बोर्ड में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति जल्द की जाए, ताकि प्रजापति समाज को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके। साथ ही, पारंपरिक कारीगरों को मिट्टी, आर्थिक सहायता, बाजार और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें