गुरुवार, 18 जून 202607:18:50 PM
Download App
Home/देश

शिवसेना यूबीटी में टूट की अटकलें तेज : Y कैटेगरी के सुरक्षा घेरे में रहेंगे बागी सांसद, गृह मंत्रालय के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से अमल

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 18, 2026
10:42 AM
Y कैटेगरी के सुरक्षा घेरे में रहेंगे बागी सांसद, गृह मंत्रालय के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से अमल

मुंबई। में शिवसेना (UBT) गुट के भीतर संभावित बगावत की चर्चाओं के बीच बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। पार्टी के छह बागी सांसदों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आधिकारिक वायरलेस संदेश के अनुसार, गृह मंत्रालय के निर्देश पर महाराष्ट्र पुलिस को इन सांसदों को तत्काल प्रभाव से ‘वाई़’ श्रेणी के बराबर स्थानीय सुरक्षा उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं।

17 जून 2026 को जारी इस निर्देश में राज्य के सभी संबंधित पुलिस और खुफिया इकाइयों को कहा गया है कि मौजूदा सुरक्षा आकलन के आधार पर इन सांसदों को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिला स्तरीय सुरक्षा समीक्षा समितियां परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षा स्तर बढ़ाने या घटाने का निर्णय ले सकेंगी।

किन सांसदों को मिली सुरक्षा बढ़ोतरी

जिन छह सांसदों की सुरक्षा बढ़ाई गई है, उनमें यवतमाल के संजय देशमुख, परभणी के संजय जाधव, मुंबई उत्तर-पूर्व के संजय दीना पाटिल, हिंगोली के नागेश पाटिल अष्टिकार, धाराशिव के ओमराजे निंबालकर और शिरडी के भाऊसाहेब वाघचैरे शामिल हैं।

आदेश के अनुसार, जब ये सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में दौरे पर होंगे या सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे, तब स्थानीय पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

राजनीतिक तनाव के बीच बढ़ी हलचल

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब शिवसेना (यूबीटी) में अंदरूनी असंतोष और संभावित टूट की अटकलें तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन छह सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट के संपर्क में होने और पार्टी से अलग रुख अपनाने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में चल रही हैं।

सुरक्षा बढ़ाए जाने के फैसले को इसी राजनीतिक तनाव और संभावित खतरे की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इसे केवल सुरक्षा समीक्षा के आधार पर लिया गया कदम बताया गया है।

कार्यकर्ताओं का विरोध और सड़कों पर प्रदर्शन

उधर, शिवसेना (यूबीटी) के कुछ कार्यकर्ता कथित बगावत के विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं। पार्टी के भीतर बढ़ते तनाव ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। कार्यकर्ता नेतृत्व से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सियासी हलकों में चर्चा तेज

इस पूरे घटनाक्रम ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। सुरक्षा बढ़ोतरी के साथ-साथ बगावत की अटकलों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या शिवसेना (यूबीटी) में एक और बड़ा राजनीतिक बदलाव होने जा रहा है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें