बंगाल में खूनी खेल! : शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में सुपारी किलर्स और राजनीतिक साजिश का शक, पुलिस के काबू में आया हिस्ट्रीशूटर

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित दोहरिया इलाके में बुधवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चंद्रनाथ अपनी स्कॉर्पियो कार से गुजर रहे थे। ड्राइवर गाड़ी चला रहा था और वह आगे की सीट पर बैठे थे। तभी एक संदिग्ध कार काफी देर तक उनकी गाड़ी का पीछा करती रही।
घटनाक्रम पर बंगाल पुलिस 3 लोगों (स्थानीय हिस्ट्री-शीटर) से पूछताछ कर रही है, हालांकि मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। चंद्रनाथ हत्याकांड में सुपारी किलर्स के भी शामिल होने का शक जताया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पीछा कर रही कार अचानक आगे आकर धीमी हो गई, जिससे चंद्रनाथ की कार को भी रफ्तार कम करनी पड़ी। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते पूरा इलाका गोलियों की आवाज से दहल उठा। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की और चंद्रनाथ को सीने, पेट और सिर में गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सुपारी किलर्स एंगल से जांच
पुलिस को शुरुआती जांच में यह हमला पूरी तरह सुनियोजित लग रहा है। घटनास्थल से बरामद खोखों और जिंदा गोलियों से अंदेशा जताया जा रहा है कि हमले में अत्याधुनिक पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। सूत्रों के अनुसार, ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक पिस्टल जैसी हथियारों के इस्तेमाल की आशंका है।
पुलिस ने मामले में तीन स्थानीय हिस्ट्रीशीटरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि मुख्य शूटर अब भी फरार बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां इस हत्याकांड को सुपारी किलर्स से जोड़कर भी देख रही हैं। हमले में इस्तेमाल बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे साजिश और गहरी मानी जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
राज्य के डीजीपी सिद्धार्थ नाथ गुप्ता ने बताया कि संदिग्धों की एक कार जब्त की गई है, जिसकी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई थी। गाड़ी से कारतूस और जिंदा गोलियां भी बरामद हुई हैं। पुलिस जेसोर रोड और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। गोलीबारी में कार चालक भी घायल हुआ है, जिसका कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हत्या पर सियासी संग्राम तेज
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद बंगाल की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी नेताओं ने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी विधायक तरुणज्योति तिवारी ने आरोप लगाया कि राज्य में राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं, टीएमसी ने हत्या की निंदा करते हुए सभी आरोपों को खारिज कर दिया। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
