बुधवार, 30 सितंबर 202610:40:42 PM
Download App
Home/देश

मप्र भाजपा में बदलाव के बाद पहली परीक्षा! : सत्ता-संगठन में तालमेल बनाने भोपाल पहुंचे बिप्लब-रेखा, दो दिन चलेगा बैठकों का दौर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 30, 2026
07:10 AM
सत्ता-संगठन में तालमेल बनाने भोपाल पहुंचे बिप्लब-रेखा, दो दिन चलेगा बैठकों का दौर

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा संगठन में हुए बदलाव के बाद पहली बार प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और सह-प्रभारी रेखा वर्मा दो दिनी दौरे पर बुधवार को भोपाल पहुंचे। दोनों नेता दो दिनों तक मैराथन बैठक करेंगे। वे जहां संगठन गतिविधियों की जानकारी लेंगे। वहीं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनसे संवाद करेंगे।

मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार भोपाल पहुंचे बिप्लब देब और रेखा वर्मा का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। दोनों नेताओं के स्वागत के लिए प्रदेश सरकार की मंत्री कृष्णा गौर, भोपाल की महापौर मालती राय और विधायक रामेश्वर शर्मा सहित कई भाजपा नेता राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचे। भोपाल जिलाध्यक्ष रविंद्र यति समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी उनकी अगवानी की और पुष्पगुच्छ भेंट किए।

जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का भरोसा

भोपाल पहुंचने के बाद बिप्लब कुमार देब ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका फोकस सत्ता और संगठन, दोनों के स्तर पर बेहतर तालमेल के साथ काम करने पर रहेगा। कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद और समन्वय बनाकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।

वहीं, सह-प्रभारी रेखा वर्मा ने मध्य प्रदेश जैसे बड़े राज्य की जिम्मेदारी मिलने को अपने लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और वे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगी।

बूढ़े हनुमान के दर्शन से शुरू हुआ दौरा

भोपाल आगमन के बाद बिप्लब कुमार देब का दौरा धार्मिक दर्शन के साथ शुरू हुआ वे लालघाटी स्थित प्रसिद्ध गुफा मंदिर पहुंचकर बूढ़े हनुमान जी के दर्शन किए। इसके बाद अब वे पार्टी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

शाम को प्रदेश कोर ग्रुप की अहम बैठक

दौरे के दौरान दोनों नेता संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। शाम 5 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बिप्लब कुमार देब और रेखा वर्मा शामिल होंगे। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।

दोनों नेताओं के मध्य प्रदेश प्रभारी के रूप में आगमन को संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में वे प्रदेश के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद भी करेंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें