यूपी की सियासतः : जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई, वे कर रहे आस्था की बात, योगी का सपा पर तीखा हमला, कांग्रेस पर भी निकाली भड़ास

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतापगढ़ के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। विकास कार्यों की सौगात देने के बाद योगी ने विपक्ष पर एक बार फिर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया की कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जाति और धार्मिक आस्था के नाम पर समाज को बांटने की राजनीतिक कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता इनकी राजनीति को समझ चुकी है।
राम और कृष्ण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
योगी ने कहा कि जिन लोगों ने कभी भगवान राम और भगवान कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाए, वे आज आस्था की राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक देश की धार्मिक भावनाओं की अनदेखी की और अब बदले हुए राजनीतिक माहौल में खुद को आस्था से जोड़कर पेश करने की कोशिश कर रही है। योगी ने कहा कि जनता ऐसे राजनीतिक बदलावों को अच्छी तरह समझती है और केवल चुनावी लाभ के लिए बदले गए रुख को स्वीकार नहीं करेगी।
समाजवादी पार्टी पर भी साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस दल के शासनकाल में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, वह आज धार्मिक आस्था की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के प्रति श्रद्धा रखने वालों को कभी दबाने की कोशिश करने वाले लोग अब खुद को आस्था का समर्थक बताने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यह बदलाव केवल राजनीतिक मजबूरी का परिणाम है।
धार्मिक विरासत और विकास साथ-साथ
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर धार्मिक स्थलों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले जिन संसाधनों का उपयोग धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में होना चाहिए था, उनका इस्तेमाल दूसरी प्राथमिकताओं में किया गया। वर्तमान सरकार, उनके अनुसार, विकास और विरासत दोनों को समान महत्व देते हुए कार्य कर रही है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
