बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे गुरमीत-देबीना, : लिया आशीर्वाद

Entertainment Desk | अभिनेता गुरमीत चौधरी अपनी आगामी फिल्म ‘तुम मेरे हो’ की रिलीज से पहले बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और भस्म आरती के दिव्य अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया। अभिनेता ने इस आध्यात्मिक अनुभव को शब्दों से परे बताया। इस दौरान उनकी पत्नी और अभिनेत्री देबीना बनर्जी भी उनके साथ नजर आईं।

भस्म आरती के अनुभव को बताया दिव्य
गुरमीत चौधरी ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह पत्नी देबीना बनर्जी के साथ मंदिर के बाहर दिखाई दे रहे हैं। अभिनेता ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के अनुभव को यादगार बताते हुए लिखा कि लंबे समय से वे इस अनुभव को महसूस करना चाहते थे और आखिरकार उनका सपना पूरा हो गया।
उन्होंने लिखा, “उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में दिव्य भस्म आरती देखना सच में कुछ अलग ही अनुभव था। बहुत शक्तिशाली, गहरा आध्यात्मिक। शब्दों से परे एक आशीर्वाद। हर हर महादेव।”
इंदौर से शुरू किया फिल्म का प्रमोशन
गुरमीत चौधरी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘तुम मेरे हो’ के प्रचार में व्यस्त हैं। फिल्म की टीम के साथ वह मध्य प्रदेश पहुंचे थे और उन्होंने प्रमोशन की शुरुआत इंदौर से की। इसी दौरान उन्होंने उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया।
ईशा मालवीय करेंगी बॉलीवुड में डेब्यू
फिल्म ‘तुम मेरे हो’ में गुरमीत चौधरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ ‘बिग बॉस 17’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री ईशा मालवीय इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं।
यह फिल्म एक म्यूजिकल लव स्टोरी है, जिसमें प्यार, जिंदगी के उतार-चढ़ाव, धोखे और एक्शन का मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म के संगीत को खास महत्व दिया गया है। इसके एल्बम में मिथुन, विशाल मिश्रा, असीस कौर, जावेद अली, मोहम्मद फैज और संजू राठौड़ सहित कई कलाकारों ने योगदान दिया है।
23 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘तुम मेरे हो’
‘तुम मेरे हो’ का निर्देशन आशीष पांडा ने किया है। फिल्म का निर्माण आरती एस और देबीना बनर्जी ने किया है, जबकि रोमांच मेहता और अमन रियास्ती सह-निर्माता हैं। यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब दर्शकों को गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की इस नई जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार है।
पलक गीते
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
