लालकृष्ण आडवाणी की हालत स्थिर : अपोलो अस्पताल पहुंचकर केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने जाना हाल, आईसीयू में चल रहा इलाज

नई दिल्ली। भाजपा के सीनियर नेता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सीने में संक्रमण की शिकायत पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार 98 वर्षीय आडवाणी की स्थिति फिलहाल स्थिर है। फिलहाल वे आईसीयू में हैं। केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने अस्पताल में पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है।
बता दें कि शुक्रवार की देर शाम सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद लालकृष्ण आडवाणी को अपोलो अस्पताल लाया गया था। अधिकारियों के अनुसार, उन्हें शाम करीब 7ः30 बजे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के प्रबंधन के मुताबिक वे आईसीयू में हैं और न्यूरोलाॅजी के सीनियर कंसल्टेंट डाॅ. विनीत सूरी की देखरेख में उनका इलाज हो रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
आडवाणी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद भाजपा नेताओं और समर्थकों के बीच उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता देखी जा रही है। जेपी नड्डा ने शनिवार को अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की।
पहले भी बिगड़ चुकी है तबीयत
यह पहली बार नहीं है, जब उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते आडवाणी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इससे पहले मई 2026 में भी उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
दिसंबर 2024 में भी पूर्व उप प्रधानमंत्री को चिकित्सा जांच और उपचार के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया था। उस समय न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में उनका इलाज हुआ था। अस्पताल की ओर से तब उनकी स्थिति स्थिर बताई गई थी और स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार की जानकारी दी गई थी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
