बुधवार, 10 जून 202610:47:06 PM
Download App
Home/देश

नेहरू का रिकार्ड तोड़ मोदी ने रचा इतिहास, : वेंकैया नायडू ने गिनाई 12 साल की उपलब्धियां, पीएम को बताया भारत का भाग्य विधाता भी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 10, 2026
06:50 AM
वेंकैया नायडू ने गिनाई 12 साल की उपलब्धियां, पीएम को बताया भारत का भाग्य विधाता भी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूर्व उपराष्ट्रपति नेता एम वेंकैया नायडू ने पीएम मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल की उपलब्धियों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की राजनीतिक यात्रा भारतीय लोकतंत्र की सबसे प्रेरणादायक कहानियों में से एक है। मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है और अब वह भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।

साधारण परिवार से देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक का सफर

वेंकैया नायडू ने अपने लेख में कहा कि गुजरात के वडनगर में एक साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च राजनीतिक पद तक पहुंचना असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने लिखा कि नरेंद्र मोदी की यात्रा केवल राजनीतिक सफलता की कहानी नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, संघर्ष, संगठन क्षमता और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी में लंबे समय तक विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के दौरान मोदी ने नेतृत्व, संगठन और जनभावनाओं को समझने की अद्भुत क्षमता विकसित की। यही अनुभव आगे चलकर उनके राष्ट्रीय नेतृत्व की नींव बना।

गुजरात मॉडल से राष्ट्रीय राजनीति तक

पूर्व उपराष्ट्रपति ने लिखा कि 51 वर्ष की आयु में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के बाद मोदी ने प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया। उनके नेतृत्व में विकसित हुआ ‘गुजरात मॉडल’ राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना और जनता ने उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में देखा जो परिणाम देने की क्षमता रखता है।

उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाकर मोदी ने भारतीय राजनीति में नया अध्याय लिखा। इसके बाद 2019 और फिर 2024 में भी उन्होंने जनता का विश्वास हासिल कर अपनी लोकप्रियता को साबित किया।

12 वर्षों में विकास और जनकल्याण की नई तस्वीर

वेंकैया नायडू ने मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण, गरीबों के लिए लाखों आवास, जनधन खातों का विस्तार, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी), उज्ज्वला योजना और डिजिटल भुगतान व्यवस्था को उन्होंने बड़े बदलावों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान करोड़ों लोगों तक मुफ्त खाद्यान्न पहुंचाना और आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य योजनाएं सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाती हैं।

बड़े फैसलों से बदली राजनीति की दिशा

पूर्व उपराष्ट्रपति ने अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक कानून, जीएसटी सुधार और महिलाओं को संसद एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे निर्णयों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक सुधारों के क्षेत्र में भी मोदी सरकार ने मजबूत नेतृत्व का परिचय दिया है।

‘स्वर्णिम भारत’ के निर्माण का नेतृत्व

अपने लेख के अंत में वेंकैया नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी को “भारत का भाग्य विधाता” बताते हुए कहा कि उनका लक्ष्य विकसित और स्वर्णिम भारत का निर्माण है। उन्होंने विश्वास जताया कि मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका लगातार मजबूत होती जाएगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें