ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आगाज, : योगी बोले- दुनिया के बाजार में प्रदेश की धाक, परंपरा, तकनीक और उद्यम से बनेगी नई पहचान

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो मार्ट में शुक्रवार से चैथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आगाज हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, पारंपरिक हुनर और आधुनिक तकनीक को वैश्विक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। उन्होंने 90 से अधिक देशों से पहुंचे प्रतिनिधियों, विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों का स्वागत किया।
36 हजार वर्ग मीटर में सजा कारोबार का मंच
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार ट्रेड शो करीब 36 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में आयोजित किया गया है, जिसमें 2400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। करीब 600 विदेशी खरीदार और लगभग डेढ़ लाख व्यापारिक आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रदर्शनी में पारंपरिक उत्पादों के साथ विनिर्माण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग, तकनीक और नवाचार से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
ओडीओपी से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की ताकत उसकी परंपरा और उद्यमशीलता में है। इसी सोच के तहत एक जिला, एक उत्पाद योजना के माध्यम से अलग-अलग जिलों के विशिष्ट उत्पादों को पहचान और बाजार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि इससे कारीगरों, बुनकरों और छोटे उद्यमियों को सीधे बड़े बाजारों से जुड़ने का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश तेजी से विनिर्माण केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात विभिन्न देशों में हो रहा है।
विदेशी निवेश और तकनीकी साझेदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेड शो में ऑस्ट्रिया, रूस, बेलारूस, वियतनाम और फ्रांस सहित कई देशों की भागीदारी है। इससे तकनीक हस्तांतरण, संयुक्त उपक्रम और रणनीतिक साझेदारी की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत द्वारा किए गए मुक्त व्यापार समझौतों से उत्तर प्रदेश को वैश्विक बाजार में नए अवसर मिल रहे हैं। योगी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो केवल व्यापार का आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की परंपरा, उद्योग और बदलती अर्थव्यवस्था को दुनिया के सामने रखने का मंच है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए आधुनिक तकनीक और वैश्विक बाजार के साथ कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
