गुरुवार, 15 अक्टूबर 202610:53:53 PM
Download App
Home/देश

अब कब्जे वाली जमीन पर बनेंगी हवेलियां, : भू-माफियाओं को योगी का बड़ा संदेश, परिवारवाद पर भी किया वार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 15, 2026
07:31 AM
भू-माफियाओं को योगी का बड़ा संदेश, परिवारवाद पर भी किया वार

वाराणसी। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भू-माफियाओं को फिर बड़ा संदेश दिया है। योगी ने वाराणसी में स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अब माफिया की जगह मिट्टी में है। इतना ही नहीं, माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों, वंचितों और दलितों के लिए बड़ी-बड़ी हवेलिया बनेंगी। आवासीय इमारतों के निर्माण का शुभारंभ प्रयागराज से किया जाएगा।

माफिया की जमीन पर गरीबों को मिलेगा घर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जिन जमीनों पर कभी माफिया का कब्जा था, उनका इस्तेमाल अब जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य गरीबों, वंचितों और दलितों को बेहतर आवासीय सुविधाएं देना है।

सफाईकर्मियों का मानदेय काटा तो होगी कड़ी कार्रवाई

योगी आदित्यनाथ ने स्वच्छता कर्मियों के मानदेय में कटौती करने वालों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी का पैसा काटने की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश आउटसोर्स कॉरपोरेशन के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों को न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय देने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा उन्हें कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उपचार, सुरक्षा बीमा और भविष्य निधि जैसी सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।

परिवारवाद पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में परिवारवाद की राजनीति पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो जनप्रतिनिधि जनता से दूर रहते हैं और अपने परिवार को ही समाज तथा प्रदेश मान लेते हैं, वे लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकते। उनके मुताबिक, जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच रहकर काम करना चाहिए और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना चाहिए।

काशी के बदलाव का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले काशी में गंदगी, जाम और बिजली की समस्याएं आम थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विकास कार्यों के साथ सार्वजनिक सुविधाओं का रखरखाव करना समाज की भी जिम्मेदारी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें