ध्रुव राठी को जमानती वारंट जारी : 2018 के मानहानि केस में यूट्यूबर की बढ़ी मुश्किलें, अब 31 अक्टूबर को होगी सुनवाई

नई दिल्ली। यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही है। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 2018 के मानहानि मामले में उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। अदालत ने विकास सांक्रित्यायन की ओर से दायर मानहानि मामले में यह वारंट जारी किया है। मामला एक पुराने से वीडियो से जुड़ा है। जिसको लेकर विकास पांडे ने कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ध्रुव राठी ने अपने वीडियो में उनके खिलाफ कई झूठे और मानहानि करने वाले आरोप लगाए थे। मामले में अब अगली सुनवाई 31 अक्टूबर को होगी।
यह मामला ध्रुव राठी के वीडियो बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2 से जुड़ा है। मामले की सुनवाई कर रहे साकेत कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राहुल जैन ने जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया। मामले की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता के वकील ने अदालत को बताया कि ध्रुव राठी को नोटिस देने पहुंचे प्रोसेस सर्वर की रिपोर्ट के अनुसार, उनका घर बंद मिला था। इसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया।
12 अक्टूबर को भी जारी किए गए थे समन
इससे पहले 12 अक्टूबर को भी अदालत ने ध्रुव राठी के लिए नए समन जारी किए थे। इनमें दस्ती समन भी शामिल थे, जिन्हें संबंधित व्यक्ति तक सीधे पहुंचाया जाता है। शिकायतकर्ता के वकील ने अदालत से जल्द सुनवाई की मांग करते हुए कहा था कि ध्रुव राठी फिलहाल भारत आए हुए हैं और हरियाणा के गुरुग्राम में रह रहे हैं।
2019 में पहली बार जारी हुए थे समन
इस मामले में साकेत कोर्ट ने जुलाई 2019 में पहली बार ध्रुव राठी को समन जारी किया था। हालांकि, कई वर्षों तक नोटिस की तामील नहीं हो पाने के कारण कार्यवाही आगे बढ़ने में देरी हुई। बताया गया कि ध्रुव राठी मुख्य रूप से विदेश में रहते रहे हैं। हालिया आदेश से पहले शिकायतकर्ता की ओर से जल्द सुनवाई की मांग की गई थी, जिसके बाद अदालत ने नए समन जारी किए और अब जमानती वारंट का आदेश दिया है।
लंदन में होने की दी जानकारी
ध्रुव राठी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर अपने लंदन में होने की जानकारी दी। फिलहाल मामले में अगली सुनवाई 31 अक्टूबर को निर्धारित है। गौरतलब है कि जमानती वारंट जारी होना अपने आप में दोष सिद्ध होना नहीं है। मानहानि मामले में अंतिम निर्णय अदालत में होने वाली आगे की सुनवाई और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लिया जाएगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
