इंदौर के एरोड्रम थाने में बवाल : थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी नपे, विधायक गोलू शुक्ला के समर्थकों ने आधी रात किया हंगामा

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में दो लोगों के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। शुक्रवार रात एरोड्रम थाने के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय विधायक गोलू शुक्ला के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, एक उपनिरीक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।
पड़ोसियों से विवाद के बाद थाने पहुंचे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, पंडित जयदीप दुबे का किसी बात को लेकर अपने पड़ोसियों से विवाद हो गया था। इसके बाद उन्होंने स्थानीय विधायक गोलू शुक्ला से संपर्क कर मदद मांगी। बताया जाता है कि विधायक ने एरोड्रम थाने के प्रभारी वीरेंद्र सिंह कुशवाहा से फोन पर बात की। आरोप है कि थाना प्रभारी ने दुबे को थाने आने के लिए कहा और मामले को देखने का आश्वासन दिया।
इसके बाद जयदीप दुबे भाजपा कार्यकर्ता पंकज चैबे के साथ थाने पहुंचे। वहां किसी बात को लेकर दोनों की पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। आरोप लगाया गया कि विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों ने दोनों के साथ मारपीट की और बाद में उन्हें थाने के अंदर बैठा दिया।
रात 11 बजे थाने के बाहर जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और विधायक के समर्थकों में नाराजगी फैल गई। शुक्रवार रात करीब 11 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एरोड्रम थाने के बाहर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के कारण थाने के बाहर तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थिति की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। कार्यकर्ताओं ने दोनों लोगों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रारंभिक जांच के बाद कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित केरकट्टा ने प्रारंभिक जांच के बाद छह पुलिसकर्मियों के निलंबन की जानकारी दी। निलंबित कर्मचारियों में थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, एक उपनिरीक्षक और चार अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
