शनिवार, 16 मई 202608:55:03 AM
Download App
Home/देश

काफिलों से मंडराया कुर्सी पर संकट : पीएम मोदी की अपील को अनदेखी करने वाले नेताओं पर होगा एक्शन, तबल किए भोपाल, कल होंगे सवाल-जवाब

admin

admin

May 16, 2026
06:28 AM
पीएम मोदी की अपील को अनदेखी करने वाले नेताओं पर होगा एक्शन, तबल किए भोपाल, कल होंगे सवाल-जवाब

भोपाल। भाजपा ने उन नेताओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और सादगी अपनाने की अपील को नजरअंदाज करते हुए बड़े-बड़े वाहन काफिले निकाले है। सत्ता-संगठन ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित नेताओं को तलब किया है। अब इन नेताओं की कुर्सी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

भाजपा संगठन ने महिला आयोग अध्यक्ष रेखा यादव, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार और सिंगरौली विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल को 17 मई को भोपाल बुलाया है। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार पद से हटाने तक का फैसला लिया जा सकता है।

इन नेताओं पर लगे आरोप

पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार पर आरोप है कि उन्होंने हाल ही में एक बड़ा वाहन काफिला निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं महिला आयोग अध्यक्ष रेखा यादव ने छतरपुर में लक्जरी गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।

इसी तरह सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने भले ही सादगी दिखाने के लिए ई-रिक्शा का उपयोग किया, लेकिन उनके पीछे समर्थकों की गाड़ियों का लंबा काफिला चलता रहा। पार्टी ने इसे भी पीएम की अपील के विपरीत माना है।

अनुशासनहीनता पर कार्रवाई शुरू

भाजपा ने संकेत दिए हैं कि अब पार्टी अनुशासन तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दर्जा प्राप्त मंत्री सौभाग्य सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं किसान मोर्चा के भिंड जिला अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को पद से हटा दिया गया है।

संगठन देना चाहता है सख्त संदेश

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा संगठन जनता के बीच सादगी और अनुशासन की छवि बनाए रखना चाहता है। यही वजह है कि पार्टी अब नेताओं के शक्ति प्रदर्शन और वीआईपी संस्कृति पर सख्ती दिखा रही है। आने वाले दिनों में ऐसे मामलों में और कड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

इन नेताओं की रैलियों पर सवाल उठे, भोपाल तलब किया

  • टिकेंद्र प्रताप सिंह (देवास जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष) - 200 गाड़ियों (कुछ वापस लौटीं) के साथ जिला कार्यालय पहुंचे।

  • पवन पाटीदार (ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष) - 24 गाड़ियों का काफिला लेकर चंबल दौरे पर गए।

  • वीरेंद्र गोयल (सिंगरौली विकास प्राधिकरण अध्यक्ष) - 30 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला, खुद ई-रिक्शा में बैठे।

  • रेखा यादव (महिला आयोग की अध्यक्ष) - छतरपुर में सैकड़ों लग्जरी गाड़ियों का काफिला निकाला, ट्रैफिक जाम हुआ।

  • सत्येंद्र भूषण सिंह (लघु उद्योग निगम अध्यक्ष) - खुद ई-रिक्शा से आए, पर समर्थकों का बड़ा कार-बाइक काफिला साथ चला।

  • राकेश सिंह जादौन (खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड उपाध्यक्ष) - ई-रिक्शा से पहुंचे, लेकिन पीछे काफिला होने की खबर है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें