इंदौर में 21 लाख पौधरोपण का महाअभियान : सीएम बोले- प्रकृति हमारे लिए परमेश्वर स्वरूप, मां की स्मृति में लगाया फलदार पौधा भी

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर जिले के ग्राम बुढ़ानिया स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने अपनी माता स्वर्गीय लीला बाई यादव की स्मृति में संतरे का फलदार पौधा लगाया। साथ ही इंदौर जिले में 21 लाख पौधरोपण और 51 हजार वर्षा जल संचयन इकाइयों के निर्माण के महाअभियान का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति हमारे जीवन का आधार है और इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। जो हमें जीवन प्रदान करे और सद्मार्ग पर ले जाए, वह सदैव वंदनीय होता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमारे लिए परमेश्वर के स्वरूप के समान है, क्योंकि यही हमें जल, वायु, अन्न और जीवन का आधार देती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण का भाव रखना चाहिए।
वृक्ष जीवन का आधार और धरती का श्रृंगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि हमारे जीवन के आधार भी हैं। उन्होंने वृक्षों की तुलना ऋषि-मुनियों से करते हुए कहा कि जिस तरह ऋषि एक स्थान पर रहकर साधना करते हैं, उसी तरह वृक्ष भी स्थिर रहकर मानवता को प्राणवायु प्रदान करते हैं। वृक्ष हमारी नकारात्मक ऊर्जा को ग्रहण कर हमें सकारात्मक ऊर्जा देते हैं।
उन्होंने कहा कि बंजर भूमि को हरियाली से भरना प्रकृति माता को हरी चुनरी ओढ़ाने जैसा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर चलाया जा रहा 'एक पेड़ मां के नामÓ अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है।
जल, जंगल और जमीन बचाने का जन अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति में पंच महाभूतों का विशेष महत्व है, जिसमें जल सबसे प्रमुख है। जल के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और जीव-जंतुओं की सुरक्षा से ही संतुलित पारिस्थितिकीय तंत्र तैयार होता है।
उन्होंने पौधरोपण और जल संरक्षण में सहयोग कर रही सामाजिक संस्था पृथ्वी को प्रोत्साहन स्वरूप 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं नक्सल उन्मूलन अभियान में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले बीएसएफ के दो जवानों को भी सम्मानित करते हुए उन्हें 2-2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
तीन दिन में लगेंगे एक लाख से अधिक पौधे
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर हर क्षेत्र में नए रिकॉर्ड बनाने के लिए जाना जाता है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी शहर लगातार बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 8 से 10 फीट ऊंचे पौधे लगाए जा रहे हैं, जो जल्द ही बड़े होकर पर्यावरण और समाज को लाभ पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ मां के नामÓ अभियान का यह तीसरा वर्ष है और हर साल इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। अगले तीन दिनों में इंदौर में एक लाख से अधिक वन प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
