ब्रिक्स कृषि मंत्रियों का सम्मेलन : इंदौर में 9 जून से शुरू होगा सम्मेलन, 20 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

भोपाल भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स (BRICS) देशों के कृषि मंत्रियों का महत्वपूर्ण सम्मेलन 9 जून से इंदौर में शुरू होने जा रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में सदस्य और साझेदार देशों सहित करीब 20 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में स्थापित ब्रिक्स अब 11 सदस्य और 10 साझेदार देशों के साथ वैश्विक स्तर पर एक प्रभावशाली मंच बन चुका है। दुनिया की लगभग 42 प्रतिशत कृषि भूमि, 68 प्रतिशत कृषि जोतें और करीब 42 प्रतिशत खाद्य उत्पादन इस समूह के हिस्से में आता है, जिससे कृषि क्षेत्र में इसकी भूमिका बेहद अहम हो जाती है।
9–13 जून: कृषि बैठकें और मंत्री स्तरीय संवाद
कार्यक्रम के अनुसार 9 से 11 जून तक कृषि कार्य समूह की बैठकें होंगी, जबकि 12 और 13 जून को कृषि मंत्रियों की मुख्य बैठक आयोजित की जाएगी। 12 जून को “लघु किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के माध्यम से भविष्य की खाद्य सुरक्षा” विषय पर विशेष मंत्री स्तरीय संवाद भी होगा।
छोटे किसानों पर फोकस, 8 बैठकें पूरी
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, भारत की अध्यक्षता में हो रही बैठकों में छोटे और सीमांत किसानों को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई जा रही हैं। कृषि अनुसंधान, बाजार तक पहुंच, ऋण सुविधा, रोजगार, आय वृद्धि और सतत कृषि विकास जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी। अब तक कृषि कार्य समूह के तहत आठ बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें खाद्य सुरक्षा, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ है।
चार मुद्दों पर मंथन, टेक्नोलॉजी पर फोकस
सम्मेलन में खाद्य सुरक्षा, पोषण और आजीविका, कृषि व्यापार एवं सहयोग, जलवायु अनुकूल एवं सतत कृषि, और कृषि-खाद्य प्रणालियों में नवाचार जैसे चार प्रमुख विषयों पर फोकस रहेगा। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पुनर्योजी कृषि, आधुनिक तकनीक और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को छोटे किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
‘ब्रिक्स वाटिका’ और इंदौर की विरासत से रूबरू होंगे मेहमान
आयोजन के दौरान “ब्रिक्स वाटिका” का निर्माण किया जाएगा, जहां सदस्य देशों के प्रतिनिधि सामूहिक वृक्षारोपण करेंगे। इसके साथ ही विदेशी मेहमानों को इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा, छप्पन दुकान और मांडू का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जा सके।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन ब्रिक्स देशों के बीच कृषि सहयोग को नई दिशा देगा और वैश्विक स्तर पर छोटे किसानों के हितों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अभिलाषा कनाडे
खबरी दुनिया की ऑल राउंडर। टीवी जर्नलिज़्म में एक दशक का सफर पूरा कर रही हैं। टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया का प्रगाढ़ अनुभव।
