दुनिया के मुकाबले भारत में ईंधन सबसे सस्ता, : पेट्रोलियम मंत्री का दावा- जनता पर नहीं पड़ने दी महंगाई की मार

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भारत की ईंधन मूल्य नीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत आज भी दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहां नागरिकों को अपेक्षाकृत कम कीमतों पर ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और आपूर्ति श्रृंखला में बाधाओं के बावजूद केंद्र सरकार ने आम जनता, विशेषकर गरीब और वंचित परिवारों पर ऊर्जा कीमतों का पूरा बोझ नहीं पड़ने दिया।
13 करोड़ से बढ़कर 32 करोड़ हुए रसोई गैस कनेक्शन
अपने आवास पर रसोई गैस वितरकों के साथ आयोजित बैठक में हरदीप पुरी ने उनकी समस्याएं सुनीं और सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि रसोई गैस वितरक देश के ऊर्जा वितरण तंत्र की रीढ़ हैं। करोड़ों परिवारों तक गैस पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 में देश में लगभग 13 करोड़ रसोई गैस कनेक्शन थे, जो अब बढ़कर 32 करोड़ से अधिक हो चुके हैं। इनमें 10 करोड़ से ज्यादा कनेक्शन प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत उपलब्ध कराए गए हैं।
डीजल पर 54 रुपये की जगह सिर्फ 7 रुपये बढ़े दाम
हरदीप पुरी ने बताया कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों का पूरा असर भारतीय उपभोक्ताओं पर डाला जाता तो डीजल की कीमत में 54 रुपये प्रति लीटर तक की अतिरिक्त बढ़ोतरी हो सकती थी। हालांकि, सरकार और तेल कंपनियों ने इसका पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला। उन्होंने बताया कि संभावित 54 रुपये की बढ़ोतरी के मुकाबले डीजल के दाम में केवल 7 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई। इसी तरह पेट्रोल में संभावित 19 रुपये की बढ़ोतरी के मुकाबले केवल 7 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई।
रसोई गैस सिलेंडर पर 495 रुपये की जगह 89 रुपये की वृद्धि
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 495 रुपये तक की संभावित बढ़ोतरी हो सकती थी, लेकिन उपभोक्ताओं के लिए यह वृद्धि 89 रुपये प्रति सिलेंडर तक सीमित रखी गई। वहीं, तरलीकृत प्राकृतिक गैस की कीमतों में संभावित 25 रुपये की बढ़ोतरी के मुकाबले केवल 10 रुपये की वृद्धि हुई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
