सोमवार, 24 अगस्त 202609:56:22 AM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

कोलंबो टेस्टः विदेशी जमीन पर पंत ने रचा इतिहास : धोनी का रिकार्ड तोड़ बतौर विकेट कीपर बल्लेबाज बड़ी उपलब्धि की अपने नाम

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 24, 2026
08:19 AM
धोनी का रिकार्ड तोड़ बतौर विकेट कीपर बल्लेबाज बड़ी उपलब्धि की अपने नाम

कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में ऋषभ पंत ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। टेस्ट के दूसरे दिन बल्लेबाजी के लिए उतरते ही पंत ने विदेशी धरती और न्यूट्रल मैदानों पर भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया।

धोनी का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

पंत के नाम विदेशी मैदानों पर अब 2,496 रन से ज्यादा हो गए हैं, जबकि धोनी ने अपने करियर में घर से बाहर 2,496 रन बनाए थे। इस सूची में फारुख इंजीनियर 1,209 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। पंत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने बेहद कम समय में भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल विकेटकीपर बल्लेबाजों में अपनी जगह मजबूत की है।

चोट के बावजूद मैदान पर लौटे पंत

पंत का दूसरे दिन मैदान पर उतरना भी कम खास नहीं रहा। मुकाबले के पहले दिन लाहिरू कुमारा की तेज और उछाल लेती गेंद उनकी कलाई पर जा लगी थी। गेंद लगते ही पंत दर्द में दिखाई दिए और कुछ समय उपचार लेने के बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था। ऐसे में दूसरे दिन दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटकर पंत ने अपनी फिटनेस और जुझारू रवैये का परिचय दिया। सारांश जैन के आउट होने के बाद पंत क्रीज पर पहुंचे और ध्रुव जुरेल के साथ भारतीय पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई।

भारत ने पहले दिन बनाई मजबूत नींव

इस टेस्ट में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले दिन टीम को देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक लगाकर मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पडिक्कल ने 193 गेंदों पर 117 रन बनाए और अपनी पारी में 12 चैके जड़े। यह उनका लगातार दूसरा शतक रहा।

गिल का अर्धशतक, बाकी बल्लेबाजों से चूक

कप्तान शुभमन गिल ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। हालांकि यशस्वी जायसवाल 45 और रवींद्र जडेजा 43 रन की शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। केएल राहुल भी 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दूसरे दिन भारत को शुरुआत में झटका लगा और सारांश जैन केवल 6 रन बनाकर असिथा फर्नांडो की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद पंत और ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला और सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए भारतीय पारी को आगे बढ़ाया।

फॉर्म पर उठ रहे सवालों के बीच बड़ा जवाब

पहले टेस्ट में बल्ले से अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण पंत की फॉर्म पर सवाल उठ रहे थे। लेकिन कोलंबो में रिकॉर्ड तोड़कर उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब दिया है। अब भारतीय टीम को उम्मीद होगी कि पंत अपनी इस शुरुआत को बड़ी पारी में बदलकर टीम की स्थिति और मजबूत करेंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें