दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट : झोंकेदार तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश, आसमान में काले-घने बादलों के छाने से दिन में दिखा रात जैसा नजारा

नई दिल्ली। दक्षिण राज्य केरल में मानसून की दस्तक देते ही राजधानी दिल्ली-एनसीआर के मौसम में अचानक बदलाव आ गया है। यही नहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी सच साबित हुई। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गुरुवार दोहपर तेज हवाओं के साथ बादल छा गए और झमाझम बारिश शुरू हो गई। इतना ही नहीं आसमान में इतने काले और घने बादल छा गए की दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला। तेज आंधी, धूल भरी हवाओं और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सड़कों पर निकले लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नोएडा में दोपहर 2-3 बजे के आसपास आसमान पूरी तरह काला हो गया। सड़कों पर गाड़ियों के हेडलाइट जलानी पड़ीं। नोएडा में दोपहर के समय ही आसमान में इतना अंधेरा छा गया कि रात जैसा माहौल बन गया। मौसम के करवट लेने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन धूलभरी तेज हवाओं और आंधी-तूफान ने कई जगहों पर परेशानी भी खड़ी कर दी।

सच साबित हुआ मौसम विभाग का पूर्वानुमान
बता दें कि मौसम विभाग ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4 जून को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई थी। विभाग ने चेतावनी दी थी कि पूर्वाह्न और दोपहर के दौरान तेज सतही हवाएं चल सकती हैं तथा गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची, जिससे पेड़ों की शाखाएं हिलती रहीं और कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ।
40 से 50 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
आईएमडी के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 4 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान था। विभाग ने विशेष रूप से चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि दिनभर गरज-चमक, बिजली गिरने की संभावना और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। येलो अलर्ट के दूसरे दिन यानी 5 जून के लिए भी मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली में दिन का अधिकतम तामपान 40 डिग्री
मौसम विभाग के अनुसार इस दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार सुबह, पूर्वाह्न और रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रह सकता है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
