किसानों की अनदेखी पर मप्र कांग्रेस का बड़ा आंदोलन : जीतू ने मुंबई-आगरा हाईवे पर चक्का जाम करने किया ऐलान

भोपाल। मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। मप्र कांग्रेस ने गुरुवार, 7 मई को मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम करने का ऐलान किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीत पटवारी ने राज्य सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी और उपेक्षा का गंभीर आरोप लगाया है।
पटवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनावों के दौरान गेहूं की खरीद 2700 रुपये प्रति क्विंटल करने का वादा किया था, जबकि वर्तमान में किसानों को केवल 2625 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जा रहा है। यह अंतर किसानों के साथ सीधा धोखा है।
गेहूं खरीदी न होने से किसान होंगे प्रभावित
उन्होंने यह भी दावा किया कि इस वर्ष सरकार ने केवल 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा है, जबकि राज्य में लगभग 245 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उत्पादन हुआ है। ऐसे में लगभग 145 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद नहीं होगी, जिससे बड़ी संख्या में किसान प्रभावित होंगे। पटवारी ने सवाल उठाया कि जो किसान अपना गेहूं नहीं बेच पाएंगे, उनकी उपज का क्या होगा और इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा।
किसानों को समस्याओं का करना पड़ रहा सामना
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि खरीदी व्यवस्था में भी किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा खाद की कमी और वितरण में लापरवाही के कारण किसानों को भारी परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कृषि उपकरण विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री से जुड़े कई मामलों की जांच सामने आ रही है।
पटवारी ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों के मुद्दों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है और सरकार उनसे बदला लेने जैसी नीति अपना रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने 7 मई को आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
किसानों के वादे क्यों नहीं किए जा रहे पूरे
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चक्का जाम सिर्फ मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर किया जाएगा ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो। हालांकि उन्होंने कहा कि यह प्रतीकात्मक जाम पूरे प्रदेश के किसानों की आवाज बनेगा और सरकार को उनकी समस्याओं पर ध्यान देने के लिए मजबूर करेगा। पटवारी ने यह भी सवाल उठाया कि सरकार की ‘मोदी गारंटी’ का आखिर क्या हुआ और किसानों के वादे क्यों पूरे नहीं किए जा रहे हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
