शुक्रवार, 5 जून 202607:57:16 PM
Download App
Home/देश

बांग्लादेश का दोहरा खेल! : अपने ही नागरिकों को सीमा पर छोड़ा, भारत की वापसी मुहिम पर बीजीबी का अड़ंगा

admin

admin

Jun 05, 2026
10:13 AM
अपने ही नागरिकों को सीमा पर छोड़ा, भारत की वापसी मुहिम पर बीजीबी का अड़ंगा

नई दिल्ली। भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चल रहे व्यापक अभियान के बीच भारत-बांग्लादेश सीमा पर नया विवाद खड़ा हो गया है। भारत द्वारा वापस भेजे जा रहे लोगों को स्वीकार करने से बांग्लादेश के इनकार ने दोनों देशों की सीमा पर तनाव बढ़ा दिया है। कई दिनों से सैकड़ों लोग सीमा पर फंसे हुए हैं और अपने देश लौटने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बांग्लादेशी सुरक्षा बल उन्हें अपना नागरिक मानने को तैयार नहीं हैं।

33 लोगों की एंट्री पर बीजीबी ने लगाया ब्रेक

बांग्लादेश के प्रमुख अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने लालमोनिरहाट क्षेत्र के तीन अलग-अलग बॉर्डर पॉइंट्स से 33 लोगों को बांग्लादेश भेजने की कोशिश की। हालांकि, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने उन्हें सीमा के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया। बीजीबी अधिकारियों का कहना है कि सभी लोगों को जीरो लाइन पर रोक दिया गया और सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

‘पुश-इन’ के आरोप, फ्लैग मीटिंग में उठा मुद्दा

BGB ने दावा किया कि बाराखाटा और पैशात्तीबारी बॉर्डर आउटपोस्ट क्षेत्रों से कुल 21 लोगों को बांग्लादेश में धकेलने की कोशिश की गई थी। सूचना मिलते ही BGB की गश्ती टीमें मौके पर पहुंचीं और उन्हें सीमा पर ही रोक दिया। इसके अलावा दुर्गापुर और दिघलतारी क्षेत्रों में भी 12 लोगों को प्रवेश से रोका गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दोनों देशों के सीमा बलों के बीच फ्लैग मीटिंग भी हुई, जिसमें समाधान तलाशने पर चर्चा की गई।

घुसपैठियों पर देशव्यापी कार्रवाई जारी

भारत में पश्चिम बंगाल, दिल्ली, अहमदाबाद और गुरुग्राम समेत कई शहरों में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन फर्जी दस्तावेजों, अवैध घुसपैठ और सुरक्षा संबंधी मामलों की जांच कर रहा है। कार्रवाई तेज होने के बाद कई लोग स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटना चाहते हैं, लेकिन पड़ोसी देश द्वारा पहचान स्वीकार न करने से स्थिति जटिल होती जा रही है।

सीमा पर बढ़ रही चुनौती

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि नागरिकता की पहचान और पुनर्वास को लेकर दोनों देशों के बीच जल्द सहमति नहीं बनी, तो सीमा पर मानवीय और सुरक्षा संकट और गहरा सकता है। फिलहाल बीएसएफ और बीजीबी के वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर बातचीत जारी है और समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें