गुरुवार, 24 सितंबर 202611:56:19 PM
Download App
Home/देश

ई-मोबिलिटी में मप्र की लंबी छलांग : ई-वाहन पंजीयन में 124 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि , देश में 23वें से 7वें पायदान पर पहुंचा प्रदेश

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 24, 2026
10:13 AM
ई-वाहन पंजीयन में 124 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि , देश में 23वें से 7वें पायदान पर पहुंचा प्रदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश ने हरित परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के मामले में बड़ी प्रगति दर्ज की है। नीति आयोग की ‘इंडिया इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इंडेक्स 2025’ रिपोर्ट में मध्यप्रदेश देश में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। खास बात यह है कि वर्ष 2024 के सूचकांक में प्रदेश 31 अंकों के साथ 23वें स्थान पर था। अब प्रदेश के अंक बढ़कर 59 हो गए हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते पंजीयन, चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार और ई-मोबिलिटी से जुड़ी नीतियों को इस बदलाव की प्रमुख वजह बताया गया है।

ई-वाहन नीति ने बदली तस्वीर

प्रदेश में ‘मध्यप्रदेश ई-वाहन नीति 2025’ के क्रियान्वयन के साथ इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में कई नई पहल शुरू की गई हैं। नागरिकों और उद्योग जगत को डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ‘ईवी तरंग पोर्टल’ शुरू किया गया है। इसके माध्यम से ई-मोबिलिटी से जुड़ी सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने का प्रयास किया गया है।

इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन को मॉडल ईवी सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन शहरों में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और जरूरी सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर दिया गया है।

ई-वाहनों के पंजीयन में 124 प्रतिशत उछाल

प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ी है। आंकड़ों के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2024-25 में 58,524 इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीयन हुआ था। यह संख्या वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 1,31,158 हो गई। यानी एक साल में पंजीयन में 124 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीयन 54,108 से बढ़कर 1,06,136 हो गया। वहीं तिपहिया वाहनों का आंकड़ा 3,061 से बढ़कर 19,003 और चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीयन 1,284 से बढ़कर 3,486 हो गया।

चार्जिंग स्टेशनों का भी तेजी से विस्तार

इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या के साथ चार्जिंग सुविधाओं का नेटवर्क भी मजबूत किया गया है। वर्ष 2026 की अद्यतन स्थिति के अनुसार प्रदेश में 1,780 चार्जिंग स्टेशन संचालित हो रहे हैं। इनमें सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के 650 स्टेशन शामिल हैं। वहीं निजी क्षेत्र के चार्जिंग प्वाइंट संचालक 1,130 स्टेशन चला रहे हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें