Latest News

रायपुर। सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार 5000 पदों पर टीचर्स की भर्ती करने जा रही है। सीएम विष्णुदेव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने लिखा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। संभावित तारीखों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 , जबकि व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को होगी…इन परीक्षाओं के माध्यम से हजारों रिक्त पदों को भरा जाएगा, जिससे प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद है।
बता दें कि विधानसभा सत्रों से लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों और अभ्यर्थी समूहों द्वारा लगातार भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की जा रही थी। पिछले कुछ वर्षों में भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और प्रशासनिक कारणों से कई पद खाली रह गए थे। अब परीक्षा तिथियां घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों में तैयारी को लेकर उत्साह बढ़ा है। माना जा रहा है कि इस भर्ती से न केवल बेरोजगार युवाओं को अवसर मिलेगा, बल्कि प्रदेश के स्कूलों में शिक्षण गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
Advertisement
