शनिवार, 16 मई 202608:45:58 AM
Download App
Home/देश

वोल्वो बस में आग लगने से मासूम जिंदा जला : जान जोखिम में डालकर यात्रियों को बचाया, अपने बच्चे को नहीं बचा सका पिता

अभिलाषा कनाडे

अभिलाषा कनाडे

May 16, 2026
06:45 AM
जान जोखिम में डालकर यात्रियों को बचाया, अपने बच्चे को नहीं बचा सका पिता

शाजापुर जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे पर वोल्वो बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 4 वर्षीय मासूम अनय की मौत हो गई। आग लगने की वजह बस में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। ये बस इंदौर से गुना की तरफ जा रही थी जिसमें करीब 36 यात्री सवार थे। इस अफरा तफरी के बीच ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए। आग इतनी भीषण थी कि अधिकांश यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया।

बस ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा

बस में सवार यात्रियों के मुताबिक, सफर के दौरान बस में से लगातार वायरिंग जलने की बदबू आ रही थी। इस बात की शिकायत यात्रियों ने कई बार ड्राइवर और कंडक्टर से की लेकिन बस चालक ने सभी की बात को नजरअंदाज कर दिया। जिसके थोड़ी देर बाद बस में आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कांच तोड़कर बस में सो रहे यात्रियों को बाहर निकालना पड़ा

होटल के बाहर खड़ी थी बस, तभी लगी आग

यह घटना रात करीब 12 बजे की है जब बस नेशनल हाईवे पर स्थित होटल जैन पथ पर रुकी थी। उस समय कुछ यात्री बस में बैठे हुए थे, जबकि कई यात्री नीचे उतरकर नाश्ता करने चले गए थे। करीब 5 मिनट बाद बस में आग लग गई। बस में ना तो कोई आपातकालीन खिड़की थी और न ही आग बुझाने के लिए कोई अग्निशमन यंत्र मौजूद था। होटल संचालक और लोगों ने बस के कांच तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला लेकिन इस दौरान बस में बैठा 4 साल का मासूम अनय बस की सीट के नीचे फंस गया। परिजन जब तक उसे बचाने पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।

यात्रियों को बचाया, अपने बेटे को बचा नही पाया पिता

अनय के पिता अभिषेक ने बस में सवार लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद की, कई लोगों को बस से बाहर निकाला लेकिन अपने बेटे को बचाने में नाकाम हो गए। इस घटना से अभिषेक का परिवार सदमे में है। अभिषेक अपने बीवी और दो बच्चों के साथ इंदौैर से गुना जा रहे थे। बस में आग लगने के बाद अनय अपनी मां के साथ बस से बाहर निकलने की कोशिश करने लगा लेकिन भगदड़ में अनय का हाथ अपनी मां से छूट गया, जिसके बाद अनय बस में ही फंस गया।

देर से पहुंची दमकल की गाड़ियां

मासूम के पिता अभिषेक ने आरोप लगाया की फायर ब्रिगेड की गाड़ी सुचना मिलने के बाद भी बहुत देर से पहुंची। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक पूरी बस आग की चपेट में आ चुकी थी। मक्सी, तराना और शाजापुर से आईं 5 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी थी।आग इतनी विकराल थी कि दमकल की टीम को आग बुझाने में बहुत समय लग गया। इसी के साथ आग में सभी यात्रियों का पूरा सामान भी जलकर खाक हो गया।

अभिलाषा कनाडे
Written By

अभिलाषा कनाडे

खबरी दुनिया की ऑल राउंडर। टीवी जर्नलिज़्म में एक दशक का सफर पूरा कर रही हैं। टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया का प्रगाढ़ अनुभव।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें