आतंकियों को पनाह देना कब बंद करेंगे : यूएन में मीडिया के सवालों से शहबाज की हुई फजीहत, हाफिज पर सवाल हुआ तो छिपाया मुंह

न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ शामिल हुए। लेकिन न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में प्रवेश करते हुए समय उन्हें आतंकवाद पर फजीहत झेलनी पड़ी। दरअसल पत्रकारों ने उनसे सवाल दाग दिया की पाकिस्तान आतंकियों को पनाह देना कब बंद करेगा। शहबाज शरीफ ने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया और आगे बढ़ गए। शहबाज की मुश्किलें यहीं कम नहीं हुई। जब वे यूएन मुख्यालय से बाहर निकले तो मीडिया ने उनसे पूछ लिया की लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद पर कानूनी कार्रवाई कब की जाएगी। इस सवाल पर भी शहबाज ने कोई जवाब नहीं दिया और मुंह छिपाते हुए चलते चले गए।
हाफिज सईद को लेकर फिर उठे सवाल
हाफिज सईद लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है और संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंधित आतंकियों की सूची में शामिल है। भारत में भी वह मुंबई में हुए 26 नवंबर के आतंकी हमलों से जुड़े प्रमुख आरोपियों में शामिल है। अमेरिका ने भी उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए इनाम घोषित किया था। शहबाज शरीफ से पूछे गए सवाल ऐसे समय में सामने आए हैं, जब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान के आतंकवाद से कथित संबंधों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
पहलगाम हमले में हाफिज को बनाया गया आरोपी
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक को निशाना बनाया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। एनआईए की जांच के बाद दाखिल पूरक आरोपपत्र में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद को भी आरोपी बनाया गया। जांच एजेंसी ने उस पर हमले की व्यापक साजिश में भूमिका होने का आरोप लगाया है। ऐसे में यूएन में जब शहबाज शरीफ से पूछा गया कि पाकिस्तान हाफिज सईद पर कब मुकदमा चलाएगा, तो सवाल सीधे उस व्यक्ति से जुड़ा था जिसे भारत की जांच एजेंसी ने पहलगाम मामले में आरोपी बनाया है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ी बयानबाजी
यहां पर बता दें कि संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न मंचों पर भारत और पाकिस्तान के बीच आतंकवाद, जम्मू-कश्मीर और मानवाधिकारों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। इसी बीच शहबाज शरीफ से पूछे गए सवाल और उनके बिना जवाब दिए आगे बढ़ने का दृश्य चर्चा में है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
