ट्रिलियनेयर बनने की दहलीज पर मस्क, : स्पेसएक्स ने 75 अरब डॉलर जुटाकर रचा इतिहास, यह दौलत टेक अरबपतियों की कंबाइंड संपत्ति से भी ज्यादा

नई दिल्ली। दुनिया के दिग्गज उद्योगपतियों में शुमार एलॉन मस्क इतिहास रचने से महज कुछ कदम दूर हैं। मौजूदा अनुमान सही साबित हुए तो टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क की कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है। यह रकम सिंगापुर, स्वीडन और आयरलैंड जैसे कई देशों की पूरी अर्थव्यवस्था से भी बड़ी है। दिलचस्प बात यह है कि उनकी संभावित दौलत दुनिया के कई बड़े टेक अरबपतियों की कंबाइंड संपत्ति से भी ज्यादा हो सकती है।
बता दें कि अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स ने 135 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर अपना आईपीओ लॉन्च कर करीब 75 अरब डॉलर की पूंजी जुटाई है। इसे अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है। इस उपलब्धि के साथ स्पेसएक्स का कुल बाजार मूल्यांकन लगभग 1.77 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जिससे कंपनी दुनिया की सबसे मूल्यवान सार्वजनिक कंपनियों की सूची में शामिल हो गई है।
मस्क की संपत्ति में जबरदस्त उछाल
आईपीओ की सफलता का सबसे बड़ा लाभ कंपनी के संस्थापक एलन मस्क को मिला है। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार, स्पेसएक्स के मूल्यांकन में आई तेज बढ़ोतरी के कारण मस्क की कुल संपत्ति में करीब 275 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही उनकी कुल नेटवर्थ बढ़कर लगभग 971 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। इस आंकड़े ने उन्हें दुनिया का पहला ट्रिलियनेयर बनने की दौड़ में सबसे आगे ला खड़ा किया है।
कंपनी पर अब भी मजबूत नियंत्रण
नियामकीय दस्तावेजों के अनुसार, 1 मई तक मस्क के पास कंपनी के 84.94 करोड़ क्लास-ए और 557 करोड़ क्लास-बी शेयर थे। दोनों श्रेणियों को मिलाकर उनके पास लगभग 642 करोड़ शेयर हैं। स्पेसएक्स की दोहरी शेयर संरचना के कारण एलन मस्क कंपनी की करीब 85 प्रतिशत वोटिंग पावर नियंत्रित करते हैं। क्लास-बी शेयरधारकों को प्रति शेयर 10 वोट का अधिकार मिलता है, जबकि क्लास-ए शेयरधारकों को केवल एक वोट का अधिकार प्राप्त है।
अंतरिक्ष क्षेत्र में बनाई अलग पहचान
वर्ष 2002 में स्थापित स्पेसएक्स आज वैश्विक अंतरिक्ष उद्योग की अग्रणी कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी ने पुनरू उपयोग किए जा सकने वाले फाल्कन 9 और फाल्कन हैवी रॉकेटों के जरिए अंतरिक्ष प्रक्षेपण की लागत को काफी कम किया है।
स्टारलिंक बना विकास का नया इंजन
स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक भी कंपनी की तेजी से बढ़ती आय का प्रमुख स्रोत बनकर उभरी है। दुनिया के दूरदराज क्षेत्रों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने वाली इस सेवा ने कंपनी की वैश्विक पहुंच को मजबूत किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्पेसएक्स की यह ऐतिहासिक सफलता न केवल अंतरिक्ष उद्योग बल्कि वैश्विक पूंजी बाजार के लिए भी एक नए युग की शुरुआत साबित हो सकती है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
