सीएम मान के खिलाफ रवनीत बिट्टू ने खोला मोर्चा : हंगामे के बाद पुलिस ने लिया हिरासत में, काफिले पर अंडे-टमाटमर फेंकने का आरोप

लुधियाना। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने काफिले पर हुए कथित हमले के अगले ही दिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शनिवार को लुधियाना में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे बिट्टू को काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान भाजपा नेता के हाथों में टमाटर, अंडे और शराब से भरी एक छोटी बोतल नजर आई।
मुख्यमंत्री के काफिले के सामने विरोध
रवनीत सिंह बिट्टू अपने समर्थकों के साथ पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के पास प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान का काफिला वहां से गुजर रहा था। पुलिसकर्मियों ने बिट्टू और उनके समर्थकों को काफिले की ओर बढ़ने से रोक दिया।
इस बीच बिट्टू ने मुख्यमंत्री के काफिले की ओर टमाटर और शराब की बोतल दिखाते हुए विरोध जताया। काफी देर तक मौके पर हंगामा चलता रहा। मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के बाद पुलिस ने बिट्टू को हिरासत में ले लिया।
बोले- भाजपा कार्यकर्ता दूसरे राज्यों में भी करेंगे विरोध
भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने टमाटर और अंडे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की कोशिश की है। उन्होंने ऐलान किया कि भाजपा कार्यकर्ता दूसरे राज्यों में भी आम आदमी पार्टी के नेताओं का विरोध करेंगे।
अपने खिलाफ दर्ज मामले को लेकर बिट्टू ने कहा कि वह डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने शुक्रवार को हुए कथित हमले का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, तो हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होनी चाहिए।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
