रविवार, 19 जुलाई 202612:00:08 PM
Download App
Home/विदेश

मेसी का आखिरी महासंग्राम या यामाल के नए युग की शुरुआत? : न्यू जर्सी में होगा फुटबॉल की दो पीढ़ियों का महामुकाबला, एक तरफ अनुभव तो दूसरी ओर युवा जोश

admin

admin

Jul 19, 2026
04:41 AM
न्यू जर्सी में होगा फुटबॉल की दो पीढ़ियों का महामुकाबला, एक तरफ अनुभव तो दूसरी ओर युवा जोश

न्यू जर्सी। फुटबॉल की दुनिया रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक ऐसे ऐतिहासिक मुकाबले की गवाह बनने जा रही है, जिसका इंतजार दुनिया भर के प्रशंसकों को है। 20 जुलाई को भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना और यूरोपीय चैंपियन स्पेन आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला सिर्फ दो मजबूत टीमों के बीच खिताबी जंग नहीं, बल्कि फुटबॉल की दो पीढ़ियों का महामुकाबला भी है। एक ओर 39 वर्षीय लियोनेल मेसी हैं, जो संभवत: अपना आखिरी वर्ल्ड कप मैच खेलेंगे, तो दूसरी तरफ 19 वर्षीय लैमिन यामाल हैं, जिन्हें फुटबॉल का अगला सुपरस्टार माना जा रहा है।

मेसी पहले ही अपनी कप्तानी में अर्जेंटीना को कोपा अमेरिका और 2022 का वर्ल्ड कप जिता चुके हैं। अब उनकी नजर लगातार दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी उठाने पर है। अगर अर्जेंटीना ऐसा करने में सफल रहता है, तो वह 1962 के बाद लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। दूसरी ओर स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगा। यामाल के पास अपने पहले ही वर्ल्ड कप में इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।

स्पेन का सफर रहा शानदार

स्पेन ने टूर्नामेंट में बेहद संतुलित और प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। टीम ने सात मुकाबलों में सिर्फ एक गोल गंवाया और छह बार क्लीन शीट रखी। शुरुआती मुकाबले में केप वर्डे के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ के बाद स्पेन ने शानदार वापसी की। उसने सऊदी अरब को 4-0, उरुग्वे को 1-0 और ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराया। इसके बाद नॉकआउट दौर में पुर्तगाल और बेल्जियम को मात देकर सेमीफाइनल में पहुंची। यहां फ्रांस के खिलाफ 2-0 की जीत ने उसे फाइनल का टिकट दिलाया।

अर्जेंटीना ने संघर्ष से बनाई राह

अर्जेंटीना का सफर उतना आसान नहीं रहा। टीम को कई मुकाबलों में कड़ी चुनौती मिली, लेकिन उसने हर बार दबाव से बाहर निकलकर जीत हासिल की। राउंड ऑफ 32 में केप वर्डे के खिलाफ अतिरिक्त समय में जीत दर्ज करने के बाद टीम ने मिस्र के खिलाफ पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी की। क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड और सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर अर्जेंटीना फाइनल तक पहुंचा।

फाइनल में स्पेन की मजबूत डिफेंस और अर्जेंटीना के आक्रामक खेल के बीच भी जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। पिछले पांच मैचों में स्पेन ने सिर्फ एक गोल खाया है, जबकि अर्जेंटीना ने 12 गोल किए हैं। अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के रिकॉर्ड में स्पेन का पलड़ा भारी है। पिछली चार भिड़ंत में स्पेन ने तीन मैच जीते हैं, जबकि अर्जेंटीना को एक जीत मिली है। 2018 में दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबले में स्पेन ने 6-1 से जीत दर्ज की थी।

हालांकि वर्ल्ड कप फाइनल में पुराने आंकड़े अक्सर पीछे छूट जाते हैं। यहां एक गलती, एक शानदार पास या एक जादुई गोल इतिहास बदल सकता है। अब पूरी दुनिया की नजर इस सवाल पर है—क्या मेसी अपनी महान विरासत में एक और विश्व कप ट्रॉफी जोड़ेंगे, या फिर यामाल के नेतृत्व में स्पेन फुटबॉल के नए युग की शुरुआत करेगा?

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें