चाइना मास्टर्स में लक्ष्य सेन की चुनौती खत्म : कनाडाई शटलर ने सीधे सेटों में दी करारी शिकस्त, किदांबी पहुचे दूसरे दौर में

शेन्जेन। भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन का चाइना मास्टर्स अभियान राउंड ऑफ 32 में ही समाप्त हो गया। भारतीय शटलर कनाडा के विक्टर लाई से मात खाकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। शेन्जेन एरिना में खेले गए मुकाबले में विक्टर लाई ने सेन को 21-14, 21-7 से कराया। लक्ष्य पूरे मुकाबले में अपनी लय हासिल करने के लिए संघर्ष करते नजर आए और कनाडाई खिलाड़ी ने दोनों गेम में दबदबा बनाए रखा। 2021 विश्व चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट लक्ष्य ने मैच में कई गलतियां कीं, जिसका विश्व नंबर-9 विक्टर ने फायदा उठाया। किदांबी श्रीकांत ने अपना मैच जीता और दूसरे दौर में जगह बनाई।
चार मुकाबलों में लक्ष्य की तीसरी हार
विक्टर लाई के खिलाफ यह लक्ष्य सेन की करियर की चैथी भिड़ंत थी और इसमें भारतीय खिलाड़ी को तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा। इस साल दोनों के बीच हुई तीनों भिड़ंत में जीत लाई के नाम रही है। उन्होंने थॉमस कप के अलावा जुलाई में चाइना ओपन के राउंड ऑफ 16 में भी लक्ष्य को हराया था।
लक्ष्य की लाई के खिलाफ एकमात्र जीत इसी साल मार्च में ऑल इंग्लैंड ओपन के सेमीफाइनल में मिली थी। उस रोमांचक मुकाबले में सेन ने तीन गेम तक चले संघर्ष में 21-16, 18-21, 21-15 से जीत दर्ज की थी।
एलेक्स लैनियर के हटने के बाद बदला मुकाबला
लक्ष्य सेन को टूर्नामेंट में शुरुआत में फ्रांस के नए वर्ल्ड चैंपियन एलेक्स लैनियर के खिलाफ उतरना था। हालांकि, लैनियर ने नई दिल्ली में वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। इसके बाद लक्ष्य का सामना विक्टर लाई से हुआ, जहां भारतीय खिलाड़ी को आसान जीत नहीं मिल सकी।
वर्ल्ड चैंपियनशिप के बाद फिर निराशा
लक्ष्य सेन के लिए यह लगातार दूसरा बड़ा झटका है। पिछले महीने घरेलू सरजमीं पर हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था। वह अमेरिका के गैरेट टैन से हारकर दूसरे दौर में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
श्रीकांत और रौनक ने दर्ज की जीत
पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत ने शानदार शुरुआत करते हुए ची यू-जेन को 21-16, 21-15 से हराया और दूसरे दौर में प्रवेश किया। वहीं रौनक चैहान ने चीन के लियू यू शुआन को 21-15, 21-18 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। सनीथ दयानंद ने भी बड़ा उलटफेर करते हुए तीसरी वरीयता प्राप्त चीन के डोंग तियान याओ को तीन गेम के मुकाबले में 9-21, 21-18, 21-15 से शिकस्त दी। हालांकि किरण जॉर्ज को जापान के शोगो ओगावा के खिलाफ 15-21, 23-21, 10-21 से हार झेलनी पड़ी।
महिला और मिक्स्ड डबल्स में भारतीय खिलाड़ियों का दम
महिला एकल में अनमोल खरब ने हांगकांग की लियांग का विंग को 21-17, 21-9 से हराया। अश्मिता चालिहा ने भी थाईलैंड की पोर्नपिचा चोइकीवोंग को 21-17, 23-21 से मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की भारतीय जोड़ी ने थाईलैंड की टोंकिड साएहेंग और टोनरुग साएहेंग की जोड़ी को एकतरफा अंदाज में 21-8, 21-9 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
