आईपीएल-2026 : गिल ने डीसी के खिलाफ की बड़ी गलती, अब चुकानी पड़ेगी कीमत, आगे के लिए आईपीएल ने किया अलर्ट

नई दिल्ली । आईपीएल 2026 में बुधवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 1 रन से हरा दिया। जीटी की सीजन की यह पहली जीत थी। इस जीत के बावजूद जीटी के कप्तान शुभमन गिल पर जुर्माना लगाया गया है। शुभमन गिल पर धीमी ओवर गति की वजह से 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है। बतौर कप्तान गिल की इस सीजन में यह पहली गलती है।
आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान शुभमन गिल पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उनकी टीम ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मैच नंबर 14 के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखी।
गलती दोहराई तो दोगुनी मिलेगी सजा
बयान में आगे कहा गया, यह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत उनकी टीम का इस सीजन का पहला उल्लंघन था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, इसलिए गिल पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया। अगर गलती दोहराई गई, तो गिल की सजा दोगुनी हो जाएगी। अगर वह तीसरी बार नियमों के खिलाफ जाते हैं, तो गिल पर एक मैच का बैन लग सकता है।
अय्यर पर भी लग चुका है जुर्माना
इससे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर भी धीमी ओवर गति की वजह से लगातार 2 मैचों में जुर्माना लगाया जा चुका है। श्रेयस पर सीजन के पहले मैच में 12 लाख तो दूसरे मैच में 24 लाख का जुर्माना लगाया गया था। शुभमन गिल पर लगाया गया जुर्माना जीटी को सीजन में मिली पहली जीत के जश्न को शायद ही फीका करे। गुजरात ने बुधवार को दिल्ली को हाथ से निकल चुके मैच में 1 रन से हराकर बेहद अहम दो अंक प्राप्त किए।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
