बुधवार, 7 अक्टूबर 202610:46:57 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

टीम चयन में अब नहीं चलेगा ‘फिटनेस का भ्रम’ : बीसीसीआई का बड़ा फैसला, हर बैठक में शामिल होंगे वीवीएस लक्ष्मण

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 07, 2026
06:58 AM
बीसीसीआई का बड़ा फैसला, हर बैठक में शामिल होंगे वीवीएस लक्ष्मण

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के चयन की प्रक्रिया को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा फैसला किया है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख और पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण अब आगे से सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चयन समिति की सभी बैठकों में मौजूद रहेंगे। यह व्यवस्था अब नियमित नियम का हिस्सा होगी।

देवजीत सैकिया के मुताबिक, इस फैसले पर पिछले महीने मुंबई में हुई व्यापक समीक्षा बैठक के दौरान सहमति बनी थी। इस बैठक में वीवीएस लक्ष्मण भी मौजूद थे। इसका मुख्य उद्देश्य चयनकर्ताओं और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि खिलाड़ियों की उपलब्धता और फिटनेस को लेकर किसी तरह की गलतफहमी न रहे।

न्यूजीलैंड सीरीज के चयन में शामिल हुए लक्ष्मण

बीसीसीआई ने अपने इंटरनेट मीडिया मंच पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वीवीएस लक्ष्मण गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में हुई सीनियर पुरुष टीम की चयन बैठक में नजर आए। बैठक में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के अलावा चयन समिति के सदस्य प्रज्ञान ओझा, एसएस दास, अजय रात्रा और आरपी सिंह भी मौजूद थे। बैठक में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला और न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन मैचों की चार दिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम का चयन किया गया।

खिलाड़ियों की चोट और फिटनेस पर रहेगी सीधी नजर

सैकिया ने कहा कि वीवीएस लक्ष्मण को खिलाड़ियों की चोट और फिटनेस से जुड़ी विस्तृत जानकारी रहती है। ऐसे में उनके चयन बैठकों में मौजूद रहने से चयनकर्ताओं को खिलाड़ियों की वर्तमान स्थिति की सही जानकारी मिल सकेगी। बीसीसीआई सचिव ने स्पष्ट किया कि इस बदलाव का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना नहीं, बल्कि सही और पूरी जानकारी के आधार पर बेहतर चयन सुनिश्चित करना है।

पहले कई बार सामने आई थी फिटनेस को लेकर उलझन

पिछले कुछ समय में भारतीय टीम के चयन के बाद खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर कई बार स्थिति स्पष्ट नहीं रही। कुछ खिलाड़ियों को टीम में चुने जाने के बाद चोट या पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण दौरे से पहले बाहर करना पड़ा। ऐसे मामलों से बचने के लिए बीसीसीआई अब चयन प्रक्रिया और खिलाड़ियों की चिकित्सकीय स्थिति के बीच बेहतर समन्वय चाहता है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें