बुधवार, 30 सितंबर 202610:43:54 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

भारत की झोली में आया 9वां गोल्ड : शूटिंग में नीरू-किनान की जोड़ी ने लहराया तिरंगा, एशियन गेम्स में ढांडा ने लगाई मेडल्स की हैट्रिक

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 30, 2026
07:48 AM
शूटिंग में नीरू-किनान की जोड़ी ने लहराया तिरंगा, एशियन गेम्स में ढांडा ने लगाई मेडल्स की हैट्रिक

ओकाजाकी। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को शूटिंग के मिक्स्ड ट्रैप इवेंट में नीरू ढांडा और किनान चेनाई की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को एक और स्वर्ण पदक दिलाया। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 34 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही एशियन गेम्स में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। बता दें कि इससे पहले महिला कंपाउंड टीम ने भी गोल्ड मेडल जीता था।

फाइनल में भारतीय जोड़ी का दबदबा

मिक्स्ड ट्रैप के फाइनल में नीरू और किनान ने शुरुआत से ही मजबूत प्रदर्शन किया। पहली सीरीज में दोनों ने 6 अंक जुटाए। दूसरी सीरीज में भारतीय जोड़ी ने तेजी दिखाते हुए 16 अंक हासिल किए। तीसरी सीरीज के बाद भारत का स्कोर 26 अंक तक पहुंच गया।

आखिरी सीरीज में भारतीय निशानेबाजों ने अपना प्रदर्शन बरकरार रखा और कुल स्कोर 34 अंक तक पहुंचाते हुए स्वर्ण पदक पक्का कर लिया। कतर की जोड़ी 32 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही और उसे सिल्वर मेडल मिला। चीन ने 23 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि ईरान 12 अंकों के साथ चैथे स्थान पर रहा।

नीरू का टूर्नामेंट में तीसरा पदक

इस जीत के साथ नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स 2026 में अपना तीसरा पदक हासिल किया। इससे पहले वह महिलाओं के ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग में गोल्ड मेडल भी हासिल किया था। व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर नीरू भारत की पहली महिला निशानेबाज बनी थीं, जिन्होंने इस स्पर्धा में एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल हासिल किया।

आर्चरी में भी भारत का शानदार प्रदर्शन

बुधवार को शूटिंग के अलावा आर्चरी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण पदक हासिल किए। मिक्स्ड कंपाउंड इवेंट में राजेश जाधव और चिकिता तनिपार्थी की जोड़ी ने रोमांचक मुकाबले में दक्षिण कोरिया को शूट-ऑफ में हराया। दोनों टीमों का निर्धारित मुकाबले के बाद स्कोर 157-157 रहा, जिसके बाद शूट-ऑफ में भारत ने बाजी मारी।

महिला कंपाउंड टीम ने भी जीता गोल्ड

दिन की शुरुआत भारतीय महिला कंपाउंड आर्चरी टीम के स्वर्ण पदक से हुई। चिकिता तनिपार्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा की तिकड़ी ने फाइनल में चीन को 238-234 से हराया। इस तरह बुधवार को भारत ने तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। शूटिंग और आर्चरी में लगातार शानदार प्रदर्शन के साथ भारतीय दल ने एशियन गेम्स 2026 में पदक अभियान को मजबूती दी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें