गुरुवार, 24 सितंबर 202611:00:07 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

एशियाड 2026 : विजय रथ पर सवार भारतीय कबड्डी टीम, चीनी ताइपे को रौंदकर सेमीफाइनल में धमाकेदार एंट्री

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 24, 2026
06:53 AM
विजय रथ पर सवार भारतीय कबड्डी टीम, चीनी ताइपे को रौंदकर सेमीफाइनल में धमाकेदार एंट्री

नागोया। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का शानदार अभियान जारी है। सेमीफाइनल में जगह बनाकर पहले ही पदक पक्का कर चुकी टीम इंडिया ने चीनी ताइपे के खिलाफ भी दमदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में दबदबा कायम रखते हुए 37-21 से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ सुनील कुमार की कप्तानी वाली टीम ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार चैथी जीत हासिल की।

पहले हाफ में ही भारत ने बना ली मजबूत बढ़त

मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय रेडर्स ने चीनी ताइपे के डिफेंस पर दबाव बनाए रखा। भारत के आक्रामक खेल के सामने चीनी ताइपे के डिफेंडर्स पहले हाफ में खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। भारतीय टीम ने लगातार अंक जुटाते हुए पहले हाफ की समाप्ति तक 23-11 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली।

रेडिंग के साथ-साथ भारतीय डिफेंस भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। चीनी ताइपे के खिलाड़ियों को लगातार रोकने में भारतीय डिफेंडर्स सफल रहे और टीम ने पहले हाफ में मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा।

दूसरे हाफ में भी कायम रहा दबदबा

दूसरे हाफ में चीनी ताइपे ने अपने खेल में सुधार किया और भारत को कुछ हद तक चुनौती देने की कोशिश की। हालांकि भारतीय टीम ने अपनी लय नहीं खोई। दूसरे हाफ में भारत ने 14 अंक हासिल किए, जबकि चीनी ताइपे की टीम 10 अंक ही जुटा सकी। अंततः भारत ने 16 अंकों के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जापान से शुरू हुआ जीत का सिलसिला

भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत जापान के खिलाफ शानदार जीत से की थी। इसके बाद दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारतीय टीम ने 63-31 के बड़े अंतर से मुकाबला जीता। तीसरे मैच में बांग्लादेश को 48-25 से हराकर भारत ने सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के साथ पदक भी सुनिश्चित कर लिया था।

अब थाईलैंड से सेमीफाइनल में टक्कर

भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में थाईलैंड का सामना करेगी। टीम की नजरें अब फाइनल में जगह बनाने और स्वर्ण पदक की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाने पर होंगी। एशियन गेम्स के इतिहास में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का दबदबा रहा है। भारत ने अब तक नौ बार एशियन गेम्स में हिस्सा लिया है और इनमें आठ बार स्वर्ण पदक जीता है। वर्ष 2018 में जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था। ऐसे में इस बार टीम एक बार फिर स्वर्ण पदक हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें