शनिवार, 18 जुलाई 202611:43:52 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

विश्व कप में अहम भूमिका निभाएंगे अनुभवी सितारे : कैफ ने रो-को पर जताया भरोसा, मेसी का उदाहरण देकर दावे को किया मजबूत

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 18, 2026
07:19 AM
कैफ ने रो-को पर जताया भरोसा, मेसी का उदाहरण देकर दावे को किया मजबूत

नई दिल्ली। रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के समर्थन में उतर आए हैं। इतना ही नहीं कैफ ने अपनी बात को स्पष्ट करने के लिए अर्जेंटीना के फुटबॉल कप्तान लियोनेल मेसी का उदाहरण भी दिया। कैफ कहा कि 2027 वनडे विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में भारत को इन दोनों दिग्गजों के अनुभव की सख्त जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में केवल युवा जोश नहीं, बल्कि अनुभव भी टीम की सफलता में बड़ी भूमिका निभाएगा।

जितना खेलेंगे, उतनी बेहतर होगी तैयारी

क्रिकबज से बातचीत में मोहम्मद कैफ ने कहा कि 2027 विश्व कप भारतीय टीम के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि वहां की पिचों पर अतिरिक्त उछाल और अलग परिस्थितियां खिलाड़ियों की परीक्षा लेंगी। ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी बल्लेबाज टीम को मजबूती देंगे। कैफ के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों को लगातार मैच खेलने का मौका मिलना चाहिए ताकि वे अपनी लय और फिटनेस बनाए रख सकें। उनका मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में अनुभव अक्सर दबाव भरे मुकाबलों का रुख बदल देता है।

मेसी का उदाहरण देकर समझाई अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका

कैफ ने अर्जेंटीना के फुटबॉल कप्तान लियोनेल मेसी का उदाहरण देते हुए कहा कि मेसी की उम्र भले ही बढ़ रही हो, लेकिन बड़े मुकाबलों में उनका अनुभव टीम के लिए अमूल्य साबित हो रहा है। कैफ के मुताबिक, हर बार गोल करना ही किसी खिलाड़ी की भूमिका नहीं होती, बल्कि युवा खिलाड़ियों को सही दिशा देना और उनके लिए अवसर तैयार करना भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि रोहित और विराट भी भारतीय टीम में इसी तरह की भूमिका निभा सकते हैं।

युवा कप्तान के साथ अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन जरूरी

पूर्व बल्लेबाज का मानना है कि यदि शुभमन गिल जैसे युवा खिलाड़ी टीम की कमान संभालते हैं तो उनके साथ रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों की मौजूदगी टीम को संतुलन प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि अनुभव और युवा ऊर्जा का सही मिश्रण किसी भी विश्व कप अभियान की सबसे बड़ी ताकत होता है। खासकर दक्षिण अफ्रीका जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में यह संतुलन भारत के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।

हालिया प्रदर्शन पर भी बनी हुई है नजर

इंग्लैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में रोहित शर्मा पहले दो मुकाबलों में बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे हैं। वहीं विराट कोहली ने दूसरे वनडे में 65 रन की प्रभावशाली पारी खेलकर अपनी उपयोगिता साबित की है। कैफ का मानना है कि एक-दो मैचों के प्रदर्शन के आधार पर इन दोनों खिलाड़ियों का आकलन करना सही नहीं होगा। उनके अनुसार, बड़े मंच पर इन दिग्गजों का अनुभव और मानसिक मजबूती ही भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत साबित हो सकती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें