मुंबई इंडियंस में बड़े बदलाव की आहट! : महेला जयवर्धने का सफर खत्म, नए कोच की तलाश तेज, नीता अंबानी ने सराहा योगदान को

मुंबई। आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। एमआई को तीन चार चैंपियन बनाने वाले हेड कोच महेला जयर्वधने से फ्रेंचाइजी से अलग होने का फैसला कर लिया है। उन्होंने आपसी सहमति से एमआई से अलग होने का फैसला लिया है। सूत्रों की मानें तो यह जयवर्धने ने यह फैसला आईपीएल 2026 में एमआई के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद लिया है। बता दें कि पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस को केवल चार मुकाबलों में ही जीत मिली थी।
सूत्रों की मानें तो फ्रेंचाइजी ने हेड कोच पद के लिए कई उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट कर लिया है और अगले हफ्ते उनके इंटरव्यू होने की उम्मीद है। इस फैसले के साथ ही जयवर्धने के कोचिंग कार्यकाल का समापन हो गया है। उनके कार्यकाल में टीम ने तीन आईपीएल खिताब जीते और जयवर्धने फ्रेंचाइजी के इतिहास के सबसे सफल लोगों में से एक रहे। उन्होंने 2017 में पहली बार जिम्मेदारी संभाली और मुंबई को 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनाया, जिसमें 2019 और 2020 में लगातार दो खिताब जीतना शामिल है।
नीता अंबानी ने व्यक्त किया आभार
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता एम. अंबानी ने भी जयवर्धने के योगदान को सराहा और उनके नेतृत्व तथा फ्रेंचाइजी के साथ लंबे समय तक जुड़े रहने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, महेला ने इतने वर्षों में मुंबई इंडियंस के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनका शांत नेतृत्व, ईमानदारी और खेल के प्रति गहरा लगाव हमारे लिए बहुत मायने रखता है। पूरे मुंबई इंडियंस परिवार की ओर से मैं इतने वर्षों तक दिए गए उनके अहम योगदान और अटूट प्रतिबद्धता के लिए महेला को धन्यवाद देना चाहती हूं।
ग्लोबल हेड आॅफ परफार्मेंस के रूप में किया काम
हेड कोच की भूमिका छोड़ने के बाद श्रीलंका के जयवर्धन ने 2022 से 2024 तक मुंबई इंडियंस के ग्लोबल हेड ऑफ परफॉरमेंस के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने फ्रेंचाइजी की अंतरराष्ट्रीय टीमों के लिए कोचिंग, स्काउटिंग और रणनीतिक योजना बनाने का काम संभाला। 2024 में वह दो प्लस एक साल के करार के तहत फिर से हेड कोच बने। 2025 में मुंबई प्लेऑफ तक पहुंची, लेकिन 2026 में टीम ने 9वें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था।
जयवर्धने ने रिश्तों और उपलब्धियों का किया जिक्र
फ्रेंचाइजी के साथ अपने सफर को याद करते हुए जयवर्धने ने उन रिश्तों और उपलब्धियों का जिक्र किया, जिन्होंने इस संगठन के साथ उनके समय को खास बनाया। “मुंबई इंडियंस एक दशक से भी ज्यादा समय से मेरे सफर का एक बहुत ही खास हिस्सा रही है। खिलाड़ियों, कोचिंग टीम के शानदार समर्थन और सबसे बढ़कर प्रशंसकों ने मिलकर इसे एक ऐसा अनुभव बना दिया है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
