दोहा डायमंड लीग : नीरज ने निराश किया, चौथे स्थान पर करना पड़ा संतोष, पर काॅमनलेल्थ गेम्स के लिए मिला टिकट

दोहा। भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा के लिए दोहा डायमंड लीग का आगाज निराशाजनक रहा। चोट से वापसी कर रहे नीरज इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शीर्ष तीन स्थानों में जगह बनाने में नाकाम रहे और चैथे स्थान पर संतोष करना पड़ा। हालांकि, उनके प्रदर्शन में एक सकारात्मक पहलू यह रहा कि उन्होंने आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफिकेशन हासिल कर लिया।
दोहा के सुहैन बिन हमाद स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में नीरज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उनका पहला प्रयास फाउल हो गया, जिससे वह शुरुआती दबाव में आ गए। दूसरे प्रयास में उन्होंने 82.77 मीटर का थ्रो किया। इसी प्रयास के साथ उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए आवश्यक क्वालीफिकेशन मार्क को पार कर लिया और अपनी जगह लगभग सुनिश्चित कर ली।
तीसरे प्रयास ने जगाई थी पदक की उम्मीद
नीरज ने तीसरे राउंड में शानदार वापसी करते हुए 85.69 मीटर का थ्रो फेंका। इस प्रदर्शन के दम पर वह कुछ समय के लिए शीर्ष तीन खिलाड़ियों में शामिल हो गए थे। तीसरे राउंड के बाद वह तीसरे स्थान पर मौजूद थे और ऐसा लग रहा था कि भारतीय स्टार पदक जीतने की दौड़ में बने रहेंगे। उस समय पहले स्थान पर एंडरसन पीटर्स, दूसरे स्थान पर कर्टिस थॉम्पसन और तीसरे स्थान पर नीरज चोपड़ा थे।

चौथे राउंड ने बदल दी तस्वीर
प्रतियोगिता का निर्णायक मोड़ चौथे राउंड में आया। नीरज अपने प्रदर्शन में सुधार नहीं कर सके और 83.45 मीटर का थ्रो ही कर पाए। इसी दौरान रुमेश पथिरगे ने 88.68 मीटर का शानदार थ्रो फेंककर सीधे पहले स्थान पर कब्जा जमा लिया। इसके बाद नीरज शीर्ष तीन से बाहर हो गए।
पांचवें प्रयास में भी नीरज फाउल कर बैठे, जिससे उनकी वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। वह अंतिम राउंड के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर सके और मुकाबला यहीं समाप्त हो गया।

रुमेश बने विजेता, नीरज चौथे स्थान पर
अंतिम परिणामों में रुमेश पथिरगे ने 88.68 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया। एंडरसन पीटर्स दूसरे और कर्टिस थॉम्पसन तीसरे स्थान पर रहे। नीरज चोपड़ा 85.69 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ चैथे स्थान पर रहे।
हार के बीच मिली राहत
हालांकि डायमंड लीग में पदक से चूकना नीरज और उनके प्रशंसकों के लिए निराशाजनक रहा, लेकिन चोट के बाद वापसी करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि माना जाएगा। अब भारतीय स्टार की नजर आने वाली प्रतियोगिताओं में लय हासिल कर फिर से विश्व मंच पर अपनी बादशाहत साबित करने पर होगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
