गुरुवार, 20 अगस्त 202611:31:00 AM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

बाबा महाकाल की भक्ति में डूबी मनु भाकर : दिव्य भस्मारती में भावुक हुईं ओलंपिक पदक विजेता , कही यह बात

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 20, 2026
10:06 AM
दिव्य भस्मारती में भावुक हुईं ओलंपिक पदक विजेता , कही यह बात

उज्जैन। सावन के पवित्र महीने में उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देशभर से लोग बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में खेल जगत की चर्चित निशानेबाज और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर भी गुरुवार को महाकाल की शरण में पंहुंची। वह प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए।

आरती के दौरान मनु भाकर आध्यात्मिक माहौल में पूरी तरह डूबी नजर आईं और भावुक भी हो गईं। दर्शन के बाद उन्होंने इसे अपने लिए बेहद खास और अद्भुत अनुभव बताया। उन्होंने बाबा महाकाल से सभी के लिए आशीर्वाद की कामना की। मनु ने कहा कि बाबा महाकालेश्वर की कृपा और प्रार्थना सभी पर बनी रहनी चाहिए। मंदिर में मिले स्वागत और सहयोग के लिए उन्होंने प्रबंधन से जुड़े लोगों का आभार भी जताया।

मंदिर की व्यवस्थाओं की तारीफ

महाकाल मंदिर पहुंचीं मनु भाकर का श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से स्वागत और सत्कार किया गया। मंदिर परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें दर्शन-पूजन की व्यवस्था से संबंधित आवश्यक सहयोग दिया। मनु ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें यहां हर स्तर पर सहयोग मिला। उन्होंने बताया कि मंदिर में लोगों ने बेहद आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया और पूरे समय उन्हें सहायता उपलब्ध कराई गई।

सावन में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब

सावन के चलते महाकाल मंदिर में इन दिनों भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ राजनीति, सिनेमा और खेल जगत से जुड़े कई चर्चित चेहरे भी बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंच रहे हैं।

ओलंपिक में भारत का नाम रोशन कर चुकीं मनु भाकर का महाकाल मंदिर पहुंचना भी इसी धार्मिक आस्था की कड़ी का हिस्सा रहा। भस्म आरती के दर्शन के बाद उनके चेहरे पर श्रद्धा और भावुकता साफ दिखाई दी। बाबा महाकाल के दरबार में बिताए इन पलों को उन्होंने अपने लिए यादगार अनुभव बताया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें