आखिर वे और क्या साबित करें? : शमी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास पर रवि शास्त्री ने चयनकर्ताओं को घेरा, लगाए गंभीर आरोप

नई दिल्ली। भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उनके इस कदम के बाद टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने चयनकर्ताओं को अपने निशाने पर ले लिया है। उन्होंने शमी को टेस्ट टीम में मौका नहीं देने का आरोप लगाया है। रवि शास्त्री ने कहा की शमी ने घरेलू क्रिकेट में अपनी फिटनेस और गेंदबाजी क्षमता साबित की। इसके बावजूद उन्हें टेस्ट टीम से दूर रखना निराशाजनक है।
घरेलू क्रिकेट में शमी का प्रदर्शन बना शास्त्री का बड़ा तर्क
रवि शास्त्री ने कहा कि उन्होंने बंगाल के लिए लगातार मुकाबले खेले और गेंदबाजी का भारी जिम्मा संभाला। शमी लंबे समय से भारतीय टीम के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। ऐसे में उनके अनुभव और क्षमता का इस्तेमाल टेस्ट क्रिकेट में किया जाना चाहिए था। शास्त्री के मुताबिक, किसी खिलाड़ी की फिटनेस का असली आकलन जिम में उसकी मेहनत से नहीं, बल्कि मैदान पर लंबे समय तक प्रदर्शन करने की क्षमता से होना चाहिए।
10-12 ओवर नहीं कर सकते तो जिम में फिट रहने का क्या फायदा?
दूसरे वनडे से पहले सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर बातचीत के दौरान शास्त्री ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, अगर आप मैच में 10 या 12 ओवर नहीं कर सकते तो जिम में फिट रहने का क्या मतलब है? यहां आपके पास एक मेहनती खिलाड़ी है, जो आपके लिए गेंदबाजी कर रहा है। इसलिए मैं थोड़ा निराश हूं कि उन्हें दोबारा मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि शमी का घरेलू क्रिकेट में गेंदबाजी का कार्यभार इस बात का प्रमाण है कि वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की शारीरिक चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हैं।
शमी में अभी बाकी थे 30-40 विकेट लेने की क्षमता
पूर्व भारतीय कोच ने आगे कहा कि शमी ने देश के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और उनमें अभी भी टेस्ट क्रिकेट में 30 से 40 विकेट लेने की क्षमता थी। उनका मानना था कि शमी को पिछले 12 महीनों में भारतीय टीम के लिए खेलना चाहिए था और उन्हें टेस्ट गेंदबाज के तौर पर टीम में शामिल किया जा सकता था। शास्त्री की इस टिप्पणी ने एक बार फिर भारतीय क्रिकेट में अनुभवी खिलाड़ियों के चयन, फिटनेस और घरेलू प्रदर्शन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका देने के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
