रो-को का अनुभव, कुलदीप की फिरकी और गिल का बल्ला : वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले से पहले गेंदबाजी कोच का बड़ा बयान

गुवाहाटी। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के अनुभव को टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आज बुधवार को दोपहर 2 बजे से होने वाले मुकाबले से पहले बहुतुले ने कहा कि दोनों अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से युवा क्रिकेटरों को काफी कुछ सीखने का अवसर मिल रहा है।
कोहली के शतक की जमकर तारीफ
तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे में विराट कोहली ने नाबाद शतक लगाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। कोहली के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए बहुतुले ने कहा कि इतने लंबे करियर और उपलब्धियों के बावजूद बल्लेबाज लगातार अपने खेल में सुधार करना चाहते हैं।
पहले वनडे में कोहली ने नाबाद 139 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 110 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने भी 32 रन का योगदान दिया। भारत ने मुकाबला जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
कुलदीप ने बदला मैच का रुख
पहले वनडे में वेस्टइंडीज ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन कुलदीप यादव ने अपनी स्पिन से मुकाबले का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। उन्होंने 10 ओवर में 40 रन देकर चार विकेट हासिल किए और वेस्टइंडीज को 295ध्7 के स्कोर तक सीमित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बहुतुले ने कुलदीप को भारत के लिए मैच जिताने वाला खिलाड़ी बताते हुए उनकी गेंदबाजी की विविधता की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुलदीप अपनी कमियों पर लगातार काम करते हैं और लंबे समय से टीम का हिस्सा होने के कारण परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते हैं।
स्पिन विभाग में कई विकल्प
बहुतुले के मुताबिक, टीम में अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा जैसे विकल्प होने से भारत को भविष्य की सीरीज और बड़े टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों को परखने का मौका मिलेगा। उन्होंने जडेजा की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने की क्षमता को अहम बताया।
वर्ल्ड कप की तैयारी पर नजर
अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए भारत के लिए हर मुकाबला महत्वपूर्ण है। ऐसे में टीम प्रबंधन अलग-अलग खिलाड़ियों को मौके देकर उनकी उपयोगिता परख रहा है। बुधवार का मुकाबला भारत के लिए सीरीज पर कब्जा करने का मौका होगा, जबकि वेस्टइंडीज की नजर वापसी पर रहेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
