तिलक का विकेट बना टर्निंग पॉइंट : भारत की हार पर संजू सैमसन का बड़ा बयान, बुमराह की कमी पर भी बोले विकेटकीपर

हैदराबाद। भारतीय क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ चैथे टी20 मुकाबले में 24 रन से हार का सामना करना पड़ा। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 248 रन का विशाल लक्ष्य रखा था। जवाब में भारतीय टीम निर्धारित ओवरों में 223 रन ही बना सकी। मैच के बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने हार की वजह बताते हुए तिलक वर्मा के विकेट को मुकाबले का टर्निंग पॉइंट करार दिया।
तिलक वर्मा का विकेट बना हार की बड़ी वजह
मैच के बाद संजू सैमसन ने कहा कि एक समय भारतीय टीम आसानी से जीत की ओर बढ़ रही थी। हर ओवर में 10 से 12 रन बन रहे थे और तिलक वर्मा तथा नीतीश रेड्डी दबाव में भी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। लेकिन तिलक के आउट होते ही मुकाबले का रुख बदल गया।
सैमसन के मुताबिक, पांच विकेट गिरने के बावजूद दोनों युवा बल्लेबाजों ने जिस तरह पारी को संभाला, वह काबिलेतारीफ था। तिलक जब आउट हुए, उस समय भारत को जीत के लिए 19 गेंदों में 48 रन बनाने थे। इसके बाद भारतीय टीम लक्ष्य तक पहुंचने में नाकाम रही।
संजू सैमसन की तूफानी पारी भी नहीं दिला सकी जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने महज 23 गेंदों में 56 रन बनाकर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। हालांकि, उनकी आक्रामक पारी टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुई।
सैमसन ने हार के बाद निराशा जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें जीतने वाली टीम का हिस्सा बनना पसंद है। उन्होंने बताया कि इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय बल्लेबाज को अपनी सूझबूझ और पावर हिटिंग पर भरोसा रखना पड़ता है। उन्होंने अपनी पारी का आनंद लिया, लेकिन मैच नहीं जीत पाने का उन्हें अफसोस है।
जसप्रीत बुमराह की कमी पर क्या बोले सैमसन?
भारतीय गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की कमी को लेकर पूछे गए सवाल पर सैमसन ने कहा कि बुमराह का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने बुमराह को एक पीढ़ी में एक बार आने वाला गेंदबाज बताया और कहा कि भारतीय टीम उनके होने से भाग्यशाली है।
इसके साथ ही उन्होंने अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव जैसे गेंदबाजों की तारीफ की। सैमसन का मानना है कि युवा खिलाड़ियों को लगातार मौके और टीम का समर्थन मिलने से उनका प्रदर्शन और बेहतर होगा।
युवा खिलाड़ियों पर जताया भरोसा
सैमसन के बयान से साफ है कि भारतीय टीम के लिए इस हार में तिलक वर्मा का विकेट निर्णायक साबित हुआ। अब टीम की नजर आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने और अपनी गलतियों से सीख लेकर वापसी करने पर होगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
