प्रिय वैभव बहुत बढ़िया : सूर्यवंशी ने विस्फोटक पारी खेलकर किंग को बनाया अपना मुरीद

गुवाहाटी। आईपीएल 2026 में शुक्रवार की रात राजस्थान राॅयल और रायल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले गए मैच में आरआर के ओपनर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आरसीबी के गेंदबाजों की ऐसी कुटाई की कि स्टेडियम में बैठे दर्शक रोमांचित हो उठे। वैभव ने महज 26 गेंदो में 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से किंग के नाम से मशहूर विराट कोहली को भी अपना मुरीद बना लिया।
मैच के बाद विराट कोहली ने वैभव सूर्यवंशी की कैप पर एक खास संदेश लिखा जो उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं था। विराट ने मैच के बाद वैभव की कैप पर लिखा, प्रिय वैभव, बहुत बढ़िया। विराट के शब्द वैभव की रोमांचक पारी को देखकर निकले थे। विराट कोहली का संदेश निश्चित रूप से वैभव के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और भविष्य में उन्हें और भी बेहतर करने की प्रेरणा देगा।
आरआर-आरसीबी के बीच खड़े थे वैभव
बता दें कि आरआर और आरसीबी के बीच आकर्षण और आरआर की जीत का बड़ा कारण वैभव की आक्रामक पारी रही। वैभव ने मात्र 26 गेंदों पर 7 छक्कों और 8 चैकों की मदद से 78 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। वैभव को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वैभव अब ऑरेंज कैप होल्डर भी हैं। उन्होंने सीजन में अब तक खेले 4 मैचों में 200 रन बनाए हैं।
टाॅस जीतकर आरआर ने चुनी थी गेंदबाजी
मैच की बात करें तो आरआर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान रजत पाटीदार के 63, विराट कोहली के 32, वेंकटेश अय्यर के 29, और रोमारियो शेफर्ड के 22 रन की मदद से आरसीबी ने 8 विकेट पर 201 रन बनाए थे। 202 रन के लक्ष्य को आरआर ने सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की तूफानी पारियों की बदौलत 18 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। वैभव के 78 के अलावा जुरेल ने 43 गेंदों पर 3 छक्कों और 8 चैकों की मदद से 81 रन बनाए।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
